बिहार: शराब तस्करों का पुलिस पर हमला, गोली लगने से सिपाही की मौत
पूरा मामला पावापुरी थाना क्षेत्र के खराट मोड़ के पास का है. हालांकि पावापुरी थाना प्रभारी का कहना है कि अभी घटनास्थल साफ नहीं हो पाया है. पुलिस को शराब की बड़ी खेप की सूचना मिली थी.

बिहार के नालंदा में शराब तस्करों ने पुलिस की टीम पर बुधवार (14 अक्टूबर, 2026) की रात हमला कर दिया. शराब तस्करों की ओर से फायरिंग की गई जिसमें गोली लगने से सिपाही अजीत कुमार की मौत हो गई.
शराब की बड़ी खेप की सूचना पर टीम की ओर से कार्रवाई की जा रही थी. पटना EIB और राजगीर उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में यह घटना हुई है. पूरा मामला पावापुरी थाना क्षेत्र के खराट मोड़ के पास का है.
हालांकि अभी तक इस घटना पर प्रशासन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. बताया जाता है कि गोली लगने के बाद सिपाही अजीत कुमार को इलाज के लिए भर्ती कराया गया था, लेकिन वे नहीं बच सके. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
इस मामले में पावापुरी थाना प्रभारी ने फोन पर बताया कि घटनास्थल अभी तक साफ नहीं हो पाया है. यह स्पष्ट है कि पावापुरी इलाके में ही घटना हुई है.
यह भी पढ़ें- गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा बिहार, सुबह-सुबह रिटायर्ड कस्टम अफसर की हत्या
आरजेडी ने कानून-व्यवस्था पर घेरा
इस पूरे मामले में विपक्ष ने सरकार को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरा है. आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति यादव का कहना है कि कानून का राज खत्म हो गया. सरकार का इकबाल समाप्त हो गया है. सरकार नींद में है. सरकार स्वीकार करे कि फेल हो रही है. जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया. सीएम बस बड़ी-बड़ी बातें करते हैं कि रात 12 बजे भी घुमिए कोई दिक्कत नहीं है.
बता दें कि बिहार में शराबबंदी कानून लागू है. पुलिस टीम और शराब के तस्करों के बीच आमने-सामने होने का यह पहला मामला नहीं है. कई जिलों में अक्सर इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं. इससे यह स्पष्ट है कि लाख कोशिशों के बावजूद प्रदेश में शराब की तस्करी नहीं रुक पा रही है. सड़क मार्ग के अलावा ट्रेन से भी बिहार में शराब की तस्करी होती है. कार्रवाई के बावजूद धंधेबाज मानने को तैयार नहीं हैं.
यह भी पढ़ें- आरा में महिला की गोली मारकर हत्या, 5 दिन पहले दिल्ली से आई थी, जेठ पर आरोप





















