Tokyo Olympics: प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंची पीवी सिंधु, प्रणीत का सफर हुआ समाप्त
Tokyo Olympics 2020: पीवी सिंधु ने ग्रुप जे में हांगकांग की एनवाई चियुंग को हराकर टोक्यो ओलंपिक की महिला एकल बैडमिंटन स्पर्धा के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है.

Tokyo Olympics 2020: गत विश्व चैंपियन भारत की पीवी सिंधू ने ग्रुप जे में हांगकांग की एनवाई चियुंग को हराकर टोक्यो ओलंपिक की महिला एकल बैडमिंटन स्पर्धा के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. लेकिन पुरुष एकल खिलाड़ी बी साई प्रणीत लगातार दूसरा मैच हारकर बाहर हो गए.
रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता सिंधु ने दुनिया की 34वें नंबर की खिलाड़ी चियुंग को 35 मिनट चले मुकाबले में 21-9 और 21-16 से हराकर ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया. सिंधू की चियुंग के खिलाफ छह मुकाबलों में यह छठी जीत है.
पुरुष वर्ग में प्रणीत अपना सर्वश्रेष्ठ खेल नहीं दिखा पाये और नीदरलैंड के मार्क कालजोव से 40 मिनट तक चले मैच में सीधे गेम में 14-21 और 14-21 से हार गये. यह उनकी ग्रुप डी में दूसरी हार थी. कालजोव ग्रुप में शीर्ष पर रहकर नॉकआउट दौर में पहुंचे. केवल ग्रुप का विजेता खिलाड़ी ही आगे बढ़ता है.
सिंधू ने मैच के बाद कहा, दूसरे गेम में मैंने लय हासिल की और फिर जीत दर्ज की. यह काफी तेज मुकाबला था और मैंने कुछ गलतियां भी कीं. मैंने अपनी रणनीति में बदलाव किया और चीजों पर नियंत्रण बनाने में सफल रही. बड़े मुकाबले से पहले इस तरह की परीक्षा महत्वपूर्ण होती है.
दुनिया की सातवें नंबर की खिलाड़ी सिंधु प्री-क्वार्टर फाइनल में ग्रुप आई में शीर्ष पर रहने वाली डेनमार्क की दुनिया की 12वें नंबर की खिलाड़ी मिया ब्लिचफेल्ट से भिड़ेंगी. सिंधू का ब्लिचफेल्ट के खिलाफ जीत-हार का रिकॉर्ड 4-1 है. डेनमार्क की खिलाड़ी ने सिंधु के खिलाफ एकमात्र जीत इस साल थाईलैंड ओपन में दर्ज की थी.
मंगलवार को चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी की पुरुष युगल जोड़ी ग्रुप ए में बेन लेन और सीन वैंडी की इंग्लैंड की जोड़ी को हराकर तीन में से दो मुकाबले जीतने के बावजूद क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही थी.


















