NDA सरकार के 3 साल पर बोले अमित शाह, कालाधन रखने वाले मोदी सरकार से 'भयभीत'

नई दिल्ली: बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने आज कहा कि कालाधन रखने वाले लोग मोदी सरकार से ‘भयभीत’ हैं जिसने पिछले तीन सालों के दौरान 1.37 लाख करोड़ रूपये के कालेधन का पता लगाया है. बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पिछले एक साल में रिकॉर्ड 99 लाख नये पैन कार्ड बनाये गए.
एक साल में बनाए गए रिकॉर्ड 99 लाख नए पैन कार्ड
अमित शाह ने कहा कि सरकार के कालेधन पर लगाम लगाने के लिए शुरू की गई बहुआयामी रणनीति सफल रही है. उन्होंने कालेधन पर लगाम लगाने के लिए सरकार की ओर से उठाये गए कदमों को रेखांकित किया और इस विषय पर सरकार के गंभीर होने पर जोर दिया.
अमित शाह ने कहा, ‘‘आयकर विभाग ने पिछले तीन सालों के दौरान 1.37 लाख करोड़ रूपये के कालेधन का पता लगाया और प्रवर्तन निदेशालय ने 14,800 करोड़ रूपये की सम्पत्ति जब्त की.’’ उन्होंने कहा कि एक वर्ष की अवधि में देश में 99 लाख नये पैन कार्ड बनाये गए जो सर्वाधिक है.
सूचनाओं के आदान प्रदान के बारे में समझौता
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बेनामी लेनदेन पर रोकथाम के लिए कानून को लागू किया जिससे अवैध सम्पत्ति सृजित करने पर रोक लगी साथ ही विभिन्न अंतरराष्ट्रीय संधियों की समीक्षा की और कई देशों के साथ सूचनाओं के आदान प्रदान के बारे में समझौता किया.
मुखौटा कंपिनयों के खिलाफ कार्रवाई
शाह ने कहा, ‘‘ उन्हें (कंपनियों को) अब देश में कर का भुगतान करना होगा. हम भुगतान नहीं करने की अनुमति नहीं दे सकते. हमने मुखौटा कंपिनयों के खिलाफ कार्रवाई की है जो कालाधन सृजित करते हैं. ’’
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह कालाधन रखने वाले लोगों के मन में सरकार के भय को प्रदर्शित करता है. उन्होंने कहा कि कालाधन के खिलाफ लड़ाई बहुआयामी है.






















