पाकिस्तान ने सुंदरबनी में मारे गए दो आतंकियों के शवों को लेने से मना किया
आज दोनों देशों के डीजीएमओ निदेशालयों की साप्ताहिक बातचीत थी. भारत की तरफ से डिप्टी-डीजीएमओ ब्रिगेडियर प्रतीक ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष ब्रिगेडियर कासिफ से बातचीत के दौरान दोनों पाकिस्तानी नागरिकों के शव लेने के लिए कहा. लेकिन पाकिस्तान ने शव लेने से मना कर दिया.

नई दिल्लीः पाकिस्तान ने अपने उन दो (नागरिकों) आतंकियों के शवों को लेने से मना कर दिया है जिन्हें रविवार को सेना ने सुंदरबनी इलाके में मार गिराया था. अब भारतीय सेना ही इन दोनों आतंकियों का अंतिम-संस्कार करेगी. आज दोनों देशों के डीजीएमओ महानिदेशालयों की हॉटलाइन पर बातचीत के दौरान पाकिस्तान ने इन दोनों आतंकियों के शवों को वापस लेने से मना कर दिया.
आज दोनों देशों के डीजीएमओ निदेशालयों की साप्ताहिक बातचीत थी. भारत की तरफ से डिप्टी-डीजीएमओ ब्रिगेडियर प्रतीक ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष ब्रिगेडियर कासिफ से बातचीत के दौरान दोनों पाकिस्तानी नागरिकों के शव लेने के लिए कहा. लेकिन पाकिस्तान ने शव लेने से मना कर दिया. ये बातचीत करीब 10.30 बजे हुई और करीब आधा घंटा चली.
हॉटलाइन पर हुई बातचीत में भारत ने रविवार को सुंदरबनी में हुई बैट-एक्शन पर कड़ा एतराज जताया. साथ ही पाकिस्तानी सीमा में एलओसी पर सक्रिय लांच-पैड्स पर बड़ी तादाद में मौजूद आतंकियों का मुद्दा भी भारत ने उठाया और अपना विरोध जताया.
गौरतलब है कि रविवार को एलओसी के सुंदरबनी सेक्टर में पाकिस्तान की बॉर्डर एक्शन टीम (यानि बैट) ने भारतीय सेना के एक गश्ती दल पर फॉरवर्ड डिफेंस लोकेशन यानि एफडीएल (फैंस से आगे वाली भारतीय सीमा में) हमला बोल दिया था. इस हमले में भारत के तीन सैनिक शहीद हो गए थे और एक सैनिक घायल हो गया था. लेकिन इससे पहले की पाकिस्तानी बैट टीम इन शवों को क्षत-विक्षत कर पाती, भारत के एक दूसरे गश्ती दल ने जवाबी कारवाई करते हुए बैट टीम के दो आतंकियों को ढेर कर दिया था. ये दोनों आतंकी भारतीय सेना की यूनिफार्म पहने हुए थे. लेकिन बैट टीम के बाकी 6-7 आतंकी इस जवाबी कारवाई में वापस पाकिस्तानी सीमा में भाग खड़े हुए थे. मारे गए पाकिस्तानी आतंकियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ था.
भारत-पाक के बीच DGMO स्तर की बातचीत आज, सुंदरबनी में घुसपैठ का मुद्दा उठाएगा भारत




















