लोगों को करोड़ों रुपये बांटने के बाद भी कैसे पैसा कमाता है KBC?
केबीसी में हॉटसीट पर बैठने वालों को करोड़ों लुटाने के बाद भी मेकर्स करते हैं अंधाधुंध कमाई; जानें विज्ञापनों और जियो सिनेमा के प्ले अलोंग से जुड़ा यह पूरा बिजनेस मॉडल.

टीवी का सबसे लोकप्रिय रियलिटी शो कौन बनेगा करोड़पति KBC अपने नए सीजन के साथ दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है. इस शो में अमिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट पर बैठकर कई आम लोग पल भर में लखपति और करोड़पति बन जाते हैं। शो को देखते समय हर किसी के दिमाग में एक सवाल जरूर आता है कि जो शो हर हफ्ते लोगों को करोड़ों रुपये बांट देता है, आखिर वह खुद पैसे कैसे कमाता है?
आम लोगों को अमीर बनाने वाला यह शो घाटे में जाने के बजाय हर साल अरबों रुपये का मुनाफा कमाता है. इसका पूरा खेल एक बहुत ही सोचे-समझे और तगड़े बिजनेस मॉडल पर टिका हुआ है. आइए जानते हैं कि केबीसी लोगों को भारी-भरकम इनामी राशि देने के बाद भी कमाई के मामले में सारे रिकॉर्ड कैसे तोड़ देता है.
कमाई का सबसे बड़ा जरिया, एडवरटाइजमेंट
कौन बनेगा करोड़पति की कमाई का सबसे मुख्य और बड़ा जरिया विज्ञापन हैं. जब टीवी पर केबीसी का एपिसोड चल रहा होता है, तो बीच-बीच में आने वाले छोटे-छोटे ब्रेक के लिए चैनल कंपनियों से मोटी रकम वसूलता है. केबीसी की TRP इतनी शानदार होती है कि देश-विदेश की बड़ी-बड़ी कंपनियां अपने प्रोडक्ट्स का विज्ञापन दिखाने के लिए लाइन लगाकर खड़ी रहती हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शो के दौरान सिर्फ 10 सेकंड का विज्ञापन दिखाने के लिए कंपनियां लाखों रुपये तक देती हैं. पूरे एक घंटे के शो में कई मिनटों के विज्ञापन दिखाए जाते हैं, जिससे चैनल को एक ही रात में करोड़ों रुपये की सीधी कमाई हो जाती है.
स्पॉन्सरशिप से होती है एडवांस में अरबों की डील्स
विज्ञापनों के अलावा दूसरा सबसे बड़ा जरिया स्पॉन्सरशिप है. आपने शो की शुरुआत में सुना होगा कि यह शो प्रेजेंटेड बाय या पावर्ड बाय कंपनी है. इसके अलावा शो के अंदर इस्तेमाल होने वाली हर चीज किसी न किसी कंपनी द्वारा स्पॉन्सर की जाती है.
जैसे, लाइफलाइन इस्तेमाल करने पर किसी खास टेलीकॉम या टेक कंपनी का नाम लिया जाता है, कंटेस्टेंट को मिलने वाला चेक किसी खास बैंक का होता है और हॉट सीट तक पहुंचाने वाले फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट राउंड को भी कोई बड़ी कंपनी स्पॉन्सर करती है. शो शुरू होने से पहले ही इन टाइटल्स और एसोसिएट स्पॉन्सर्स के साथ सैकड़ों करोड़ रुपये की एडवांस डील पक्की हो जाती है, जो शो का पूरा खर्च और इनामी राशि आसानी से निकाल लेती है.
यह भी पढ़ें: कैसे बनते हैं सुप्रीम कोर्ट के लॉयर, इसके लिए कितना एक्सपीरियंस जरूरी?
डिजिटल राइट्स, ओटीटी और ऐप से एक्स्ट्रा इनकम
आज के डिजिटल दौर में केबीसी सिर्फ टीवी सेट तक सीमित नहीं रह गया है. इस शो को SonyLIV जैसे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी करोड़ों लोग लाइव या बाद में देखते हैं. ओटीटी पर शो दिखाने के लिए डिजिटल सब्सक्रिप्शन और वहां चलने वाले अलग विज्ञापनों से भी भारी कमाई होती है.
इसके अलावा ऐप पर चलने वाले KBC Play Along के जरिए घर बैठे लाखों दर्शक मोबाइल पर गेम खेलते हैं. इस गेम में हिस्सा लेने के लिए और इनाम जीतने की रेस में बने रहने के लिए लोग ऐप का इस्तेमाल करते हैं, जिससे ऐप डाउनलोड्स और यूजर इंगेजमेंट बढ़ता है. यह डिजिटल नेटवर्क भी शो के मेकर्स के लिए हर दिन कमाई का एक नया और बड़ा जरिया बनकर उभरा है.
यह भी पढ़ें: जब नहीं था इंटरनेट तो कैसे फैलती थी अफवाहें, कैसे हो जाते थे दंगे?






















