DA Hike: आपके वेतन में हर महीने कितने रुपए का होने वाला है इजाफा?
केंद्र सरकार के कर्मचारी जुलाई 2026 के DA हाइक का इंतजार कर रहे हैं. क्योंकि वो भी जानना चाहते हैं कि आखिर उनकी कितनी सैलरी बढ़ने वाली है. तो आइये बताते हैं नए फॉर्मूला के साथ कितनी बढ़ेगी सैलरी.

केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स को जुलाई 2026 से मिलने वाले महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का बेसब्री से इंतजार है. महंगाई भत्ता कर्मचारियों को बढ़ती महंगाई के असर से राहत देने के लिए दिया जाता है. इसे साल में दो बार, जनवरी और जुलाई में संशोधित किया जाता है, जिसके बाद कर्मचारियों को दिया जाता है.
जनवरी 2026 में सरकार ने DA को 58% से बढ़ाकर 60% कर दिया था. अब जुलाई 2026 के लिए इसमें 3% या 4% बढ़ोतरी की संभावना पर विचार किया जा रहा है. हालांकि, आखिरी बढ़ोतरी सरकार के ऑफिशियल अनाउंसमेंट के बाद ही तय होगी.
3% या 4% DA बढ़ने पर कितनी होगी सैलरी?
महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का फायदा कर्मचारी की बेसिक सैलरी के आधार पर मिलता है. अगर DA 60% से बढ़कर 63% होता है, तो कर्मचारी को बेसिक सैलरी का एक्स्ट्रा 3% मिलेगा. वहीं DA 64% होने पर एक्स्ट्रा 4% मिलेगा. तो आइये उदाहरण के साथ बताते हैं कि अलग-अलग बेसिक सैलरी पर किस हिसाब से बढ़ोतरी होगी:
| बेसिक सैलरी | 3% बढ़ोतरी पर अतिरिक्त DA | 4% बढ़ोतरी पर अतिरिक्त DA |
| 18,000 रुपये | 540 रुपये | 720 रुपये |
| 25,500 रुपये | 765 रुपये | 1,020 रुपये |
| 35,400 रुपये | 1,062 रुपये | 1,416 रुपये |
| 44,900 रुपये | 1,347 रुपये | 1,796 रुपये |
| 56,100 रुपये | 1,683 रुपये | 2,244 रुपये |
कैसे होती है DA की गणना?
केंद्र सरकार के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता सातवें वेतन आयोग के नियमों के अनुसार तय किया जाता है. इसकी गणना के लिए औद्योगिक श्रमिकों के उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (AICPI-IW) के पिछले 12 महीनों के औसत का इस्तेमाल किया जाता है. आसान भाषा में कहें तो किसी भी कर्मचारी के महंगाई भत्ता, देश में बढ़ती महंगाई के हिसाब से ही तय किया जाता है.
कर्मचारियों को मिल सकता है एरियर
बता दें कि अगर सरकार जुलाई 2026 से DA बढ़ाने की मंजूरी देती है, तो नियमों के अनुसार कर्मचारियों को 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाली नई दर का बकाया यानी एरियर भी मिल सकता है. इसकी वास्तविक राशि सरकार के आदेश, मंजूर दर और भुगतान की अवधि पर निर्भर करेगी.
ये भी पढ़ें: Starbucks: बिना कुछ आर्डर किए कैफे में नहीं बैठ सकेंगे ग्राहक, नया नियम लागू





















