Mercedes की नई इलेक्ट्रिक SUV का जलवा, 2.5 सेकंड में पकड़ेगी 100 की रफ्तार
Mercedes-AMG ने पेश की सुपरकार जैसी परफॉर्मेंस वाली नई इलेक्ट्रिक GT SUV, 1,169 बीएचपी की बेमिसाल पावर, 700km की शानदार रेंज और महज 12 मिनट में होगी 80% तक चार्ज

दिग्गज लग्जरी कार निर्माता कंपनी Mercedes ने ऑटो मार्केट एक नया धमाका कर दिया है. कंपनी ने अपनी पहली ऑल-इलेक्ट्रिक परफॉर्मेंस कार Mercedes-AMG GT SUV से आधिकारिक तौर पर पर्दा उठा दिया है. इस कार को Mercedes ने अपने विशेष AMG हाई-परफॉर्मेंस आर्किटेक्चर पर खुद तैयार किया है. यह कोई साधारण इलेक्ट्रिक गाड़ी नहीं है, बल्कि यह एक स्पोर्ट्स कार की सुपर-फास्ट रफ्तार और एक बड़े साइज की एसयूवी की मजबूती का एक बेजोड़ संगम है. इस कार में ग्राहकों को 1,169bhp की अविश्वसनीय ताकत और सिंगल चार्ज में 700 किलोमीटर तक की बंपर रेंज मिलेगी. आइए जानते हैं कि Mercedes की इस चमचमाती इलेक्ट्रिक एसयूवी में क्या खास फीचर्स और तकनीक दी गई है.
तीन धांसू वेरिएंट्स और स्पोर्टी लुक
कंपनी ने इस सुपर इलेक्ट्रिक कार को वैश्विक बाजार में तीन बेहतरीन वेरिएंट्स में पेश किया है, जिनके नाम GT 53, GT 55 और टॉप-मॉडल GT 63 हैं. Mercedes ने फिलहाल भारत में इसकी आधिकारिक कीमत और उपलब्धता का खुलासा नहीं किया है.
लुक की बात करें तो इसके फ्रंट हिस्से में वर्टिकल स्लेट्स वाली एएमजी-स्पेशल रेडिएटर ग्रिल और स्टार के आकार वाली बेहद खूबसूरत एलईडी डे-टाइम रनिंग लाइट्स मिलती हैं. कार के पिछले हिस्से में टरबाइन से प्रेरित छह गोल टेल-लाइट्स दी गई हैं, जो रात के समय इसे एक अनोखा लुक देती हैं. गाड़ी को तेज रफ्तार में स्थिर रखने के लिए इसमें एक्टिव रूफ स्पॉइलर जैसी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया है.
केबिन के भीतर मिलेगी सुपर-लग्जरी और AI तकनीक
Mercedes-AMG GT SUV का इंटीरियर किसी हवाई जहाज के कॉकपिट जैसा प्रीमियम अहसास कराता है. इसके डैशबोर्ड पर ड्राइवर के लिए 10.2.इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और बीच में 14-इंच की बड़ी टचस्क्रीन दी गई है. इसके अलावा, आगे बैठने वाले पैसेंजर के मनोरंजन के लिए भी अलग से एक और 14-इंच की स्क्रीन लगाई गई है. कार के केबिन में पैनोरमिक ग्लास रूफ मिलती है, जिसे आप अपनी जरूरत के हिसाब से एक बटन दबाकर पारदर्शी या पूरी तरह से धुंधला बना सकते हैं.
इस गाड़ी को इंटेलिजेंट बनाने के लिए इसमें मर्सिडीज का लेटेस्ट ऑपरेटिंग सिस्टम दिया गया है, जिसमें ChatGPT, Microsoft Bing और Google Gemini जैसे दुनिया के सबसे बड़े आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस असिस्टेंट्स को सीधे इन-बिल्ट जोड़ा गया है.
मात्र 12 मिनट में बैटरी फुल
Mercedes-AMG की इस कार में 800-वोल्ट का आधुनिक बैटरी सिस्टम दिया गया है. कंपनी इसमें दो अलग-अलग बैटरी विकल्प देने जा रही है, जिनकी क्षमता 106kWh और 128kWh है. इसकी बड़ी 128kWh वाली बैटरी के दम पर ही कार 700 किलोमीटर की लंबी दूरी आसानी से तय कर सकती है.
यह गाड़ी 710kW तक की अल्ट्रा-फास्ट डीसी चार्जिंग को सपोर्ट करती है. इस सुपरचार्जर की मदद से बड़ी वाली बैटरी को मात्र 10 मिनट चार्ज करके 450 किलोमीटर तक चलने की रेंज मिल जाती है. वहीं, उपयुक्त परिस्थितियों में इस विशाल कार को महज 12 मिनट के भीतर 10 से 80 फीसदी तक चार्ज किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: Hyundai और Honda का धमाका, जल्द आ रही 500km रेंज वाली 2 सस्ती EV
बिजली जैसी रफ्तार और रॉकेट जैसी पावर
पावर के मामले में मर्सिडीज ने इस कार को दो अलग-अलग इलेक्ट्रिक मोटर कॉन्फ़िगरेशन के साथ बाजार में उतारा है. इसके शुरुआती वेरिएंट जीटी 53 में दो मोटर दी गई हैं, जो मिलकर 544 बीएचपी की पावर और 800 एनएम का टॉर्क देती हैं. वहीं इसके मिड-वेरिएंट जीटी 55 में यह पावर बढ़कर 816 बीएचपी तक पहुंच जाती है.
इसमें तीन बेहद शक्तिशाली मोटर्स का इस्तेमाल किया गया है. यह मोटर्स मिलकर कार को 1,169 बीएचपी की अविश्वसनीय मैक्सिमम पावर और 2,000 एनएम का पीक टॉर्क देती हैं. इस भयंकर पावर की बदौलत यह भारी-भरकम एसयूवी मात्र 2.5 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ लेती है, और इसकी टॉप स्पीड 270 किलोमीटर प्रति घंटा है.
यह भी पढ़ें: 20 लाख के बजट में ये हैं सबसे ज्यादा माइलेज वाली कारें, देख लें लिस्ट






















