वेब सीरीज से आया नकली नोट बनाने का आइडिया, YouTube की मदद से छाप डाले 5.26 लाख रुपये
मुजफ्फरनगर में वेब सीरीज देखकर नकली नोट छापने वाले गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है. वहीं उनके कब्जे से 5 लाख 26 हजार की नकली करेंसी बरामद की है.

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में नकली नोट छापने वाले गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. वेब सीरीज देखकर नकली नोट बनाने का आइडिया आया और फिर यूट्यूब से नोट छापने का तरीका सीखकर आरोपियों ने अपना काला कारोबार शुरू कर दिया. दिल्ली के नरेला स्थित एक फ्लैट में नकली नोट छापे जा रहे थे और फिर इन्हें सप्लाई करने के लिए उत्तर प्रदेश समेत दूसरे इलाकों में भेजा जाता था.
बुढ़ाना कोतवाली पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 लाख 26 हजार रुपये की नकली करेंसी बरामद की है. इसके अलावा दिल्ली स्थित फ्लैट पर छापेमारी कर लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल और नोट छापने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए हैं.
‘फर्जी’ वेब सीरीज से आया नकली नोट बनाने का आइडिया
दरअसल, मुजफ्फरनगर की बुढ़ाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेरठ-करनाल हाईवे पर कुछ लोग नकली करेंसी की सप्लाई करने के लिए पहुंचे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी की और कार्रवाई करते हुए शुभम, महेंद्र और टीनू नाम के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी के दौरान पुलिस को उनके पास से 5 लाख 26 हजार रुपये की नकली करेंसी बरामद हुई.
पुलिस की पूछताछ में नकली नोटों के इस कारोबार को लेकर कई अहम खुलासे हुए. मुख्य आरोपी शुभम ने बताया कि उसे ‘फर्जी’ नाम की वेब सीरीज देखकर नकली नोट बनाने का आइडिया आया था. इसके बाद उसने यूट्यूब की मदद से नकली नोट छापने की तकनीक सीखी और अपने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली के नरेला स्थित फ्लैट में नकली नोट बनाने शुरू कर दिए.
वाराणसी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 2 मंजिला मकान धराशायी, 3 झुलसे
दिल्ली, यूपी में खपाकर मोटा मुनाफा कमाने की थी फिराक
पुलिस के मुताबिक, नकली नोट बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाला विशेष पेपर महाराष्ट्र से गणेश नाम का व्यक्ति सप्लाई करता था. गिरोह तैयार नकली करेंसी को दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य स्थानों पर खपाकर मोटा मुनाफा कमाने की फिराक में था. पुलिस ने दिल्ली स्थित फ्लैट पर छापेमारी कर लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल और प्रिंटिंग पेपर समेत नकली नोट बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं.
इस मामले में पुलिस अब नकली नोटों की सप्लाई करने वाले अन्य लोगों की तलाश में जुटी है. पूछताछ के दौरान कुछ और संदिग्धों के नाम सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा. वहीं, इस कार्रवाई के लिए एसएसपी सूरज कुमार राय ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है.
लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल और प्रिंटिंग पेपर भी बरामद
एसएसपी ने बताया कि एसपी ग्रामीण और सीओ बुढ़ाना के नेतृत्व में बुढ़ाना थाना पुलिस ने नकली नोट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. गिरफ्तार तीन आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 26 हजार रुपये की नकली करेंसी के साथ लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल और प्रिंटिंग पेपर बरामद किए गए हैं.
पूछताछ में वेब सीरीज देखकर नकली नोट बनाने की प्रेरणा मिलने की बात सामने आई है. पुलिस अब नोटों की सप्लाई करने वाले अन्य लोगों की तलाश कर रही है. एसएसपी ने आमजन से भी अपील की है कि नकली नोट होने का संदेह होने पर सतर्क रहें और इसकी सूचना पुलिस को दें. इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा.






















