Delhi Weather: दिल्ली में गर्मी की मार से मिलेगी राहत! IMD का अलर्ट, कब शुरू होगी प्री-मानसून बारिश?
Delhi Weather Today: मौसम विभाग (IMD) के अनुसार गुरुवार से रविवार तक दिल्ली के आसमान में बादल छाए रहेंगे. इस दौरान हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. तेज सतही हवाएं चलने का भी अनुमान है.

Delhi Weather News: दिल्ली में गर्मी की मार के बीच बुधवार शाम के समय तेज हवा चलने के बाद से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को गर्मी से आंशिक तौर पर राहत मिलने का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग ने गुरुवार से अगले चार दिनों तक के लिए बारिश होने या बादल छाए रहने और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है.
आईएमडी के साप्ताहिक पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली में गुरुवार से रविवार तक गरज के साथ बारिश होने की आशंका है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है. इस दौरान तापमान गिरकर 37 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है. दिल्ली में गुरुवार (1 मई 2025) को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः लगभग 37 डिग्री सेल्सियस और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है.
40 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में यह भी कहा गया है कि आसमान में बादल छाए रहेंगे, बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इस दौरान धूल भरी आंधी और तेज सतही हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा होगी. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार बुधवार (30 अप्रैल) शाम को आसमान में बादल छा गए और राजधानी में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम है.
दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था. सापेक्ष आर्द्रता 58 प्रतिशत से 39 प्रतिशत के बीच रही.
दिल्ली में प्रदूषण से राहत
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में बुधवार शाम के समय हवा चलने से वायु गुणवत्ता सूचकांक संतोषजनक रहा. सीपीसीबी के अनुसार एक्यूआई शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है.























