रणजी ट्रॉफी खेलने वाले क्रिकेटर को कितनी सैलरी मिलती है? रकम जान उड़ जाएंगे आपके होश
रणजी ट्रॉफी में खिलाड़ियों को अनुभव और टीम में उनकी जगह के आधार पर मैच फीस मिलती है. जानिए घरेलू क्रिकेट में खेलने वाले खिलाड़ियों की कमाई और फीस का पूरा हिसाब.

क्रिकेट की दुनिया में सिर्फ आईपीएल और भारतीय टीम से खेलने वाले खिलाड़ियों की ही कमाई नहीं होती. रणजी ट्रॉफी में खेलने वाले क्रिकेटर भी अपनी मेहनत और प्रदर्शन के दम पर अच्छी रकम कमा सकते हैं. दिलचस्प बात ये है कि इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों को हर महीने तय सैलरी नहीं मिलती, बल्कि मैच में खेलने के दिनों के हिसाब से फीस दी जाती है. ये रकम खिलाड़ी के अनुभव के साथ बढ़ती जाती है.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के घरेलू क्रिकेट के मुताबिक, प्लेइंग इलेवन में शामिल खिलाड़ियों की फीस उनके खेले गए मैचों के आधार पर फिक्स होती है. 20 या उससे कम मैच खेलने वाले खिलाड़ी को प्रतिदिन 40,000 रुपये मिलते हैं. 21 से 40 मैच खेलने वाले खिलाड़ी को 50,000 रुपये, जबकि 40 से ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी को हर दिन 60,000 रुपये दिए जाते हैं.
रिजर्व खिलाड़ियों को भी मिलते हैं पैसे
रणजी ट्रॉफी में टीम का हिस्सा होने के बावजूद सभी खिलाड़ियों को मैदान पर खेलने का मौका नहीं मिलता. ऐसे खिलाड़ियों को भी नियमों के अनुसार फीस मिलती है. 20 या उससे कम मैच खेलने वाले रिजर्व खिलाड़ी को प्रतिदिन 20,000 रुपये, 21 से 40 मैच खेलने वाले खिलाड़ी को 25,000 रुपये और 40 से ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी को 30,000 रुपये दिए जाते हैं.
चार दिन के मैच में कितनी कमाई
रणजी ट्रॉफी के मुकाबले आमतौर पर चार दिन तक चलते हैं. इस हिसाब से 20 या उससे कम मैच खेलने वाला खिलाड़ी प्लेइंग इलेवन में रहने पर चार दिन में 1.6 लाख रुपये कमा सकता है. वहीं, 40 से ज्यादा मैच खेलने वाले अनुभवी खिलाड़ी की फीस चार दिन के लिए 2.4 लाख रुपये तक हो सकती है.
हर खिलाड़ी की कमाई एक जैसी नहीं
किसी खिलाड़ी की पूरे सीजन की कमाई इस बात पर निर्भर करती है कि उसे कितने मैच खेलने का मौका मिला और वो किस श्रेणी में आता है. इसलिए रणजी ट्रॉफी में मिलने वाली रकम सालाना सैलरी नहीं होगी. ये घरेलू क्रिकेट में खिलाड़ियों को मिलने वाली मैच फीस है.
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में 100+ विकेट लेने वाले गेंदबाज, लिस्ट में 2 भारतीय भी शामिल






















