बिहार: दो साल पहले आज ही के दिन नीतीश ने छोड़ दिया था लालू का हाथ, क्या फिर आएंगे साथ?
बीते दिनों में कुछ मुद्दों को लेकर जेडीयू और बीजेपी के रिश्तों में आई दरार पर आरजेडी और कांग्रेस की नजर है. विधानसभा में ये दोनों पार्टियां नीतीश कुमार पर कम और केंद्र पर ज्यादा हमलावर रही है. आरजेडी के सीनियर नेता रघुवंश प्रसाद सिंह नीतीश कुमार को महागठबंधन में आने का न्यौता दे चुके हैं. हालांकि जेडीयू का कहना है कि वे एनडीए में ही रहेगी.

पटना: 26 जुलाई 2017, दो साल पहले आज के ही दिन नीतीश कुमार, लालू यादव का साथ छोड़कर बीजेपी के साथ हो गए थे. इस सियासी घटनाक्रम के बाद लालू ने नीतीश कुमार का नाम ‘पलटू राम’ रखा था. अब बीते दिनों में कई मुद्दों पर बीजेपी और जेडीयू में आई दरार पर आरजेडी और कांग्रेस की नजर है. विधानसभा के अंदर आरजेडी और कांग्रेस दोनों ही नीतीश कुमार पर कम और केंद्र सरकार पर ज्यादा हमलावर दिखी.
नीतीश को फिर से महागठबंधन में आने का न्यौता आरजेडी के बड़े नेता रघुवंश प्रसाद सिंह दे चुके हैं. हालांकि नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू अभी एनडीए में ही रहने की बात कह रही है. 21 जुलाई को नीतीश कुमार आरजेडी के सीनियर नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी के घर जाकर मिले और चाय-नाश्ता किया. इसके बाद सुशील मोदी ने एलान किया कि नीतीश कुमार ही साल 2020 में सीएम का चेहरा होंगे.
अब दो साल बीत जाने और लोकसभा में मिली करारी हार के बाद आरजेडी कुछ शर्तों के साथ नीतीश कुमार को महागठबंधन में आने का न्यौता दे रही है. आरजेडी नेता रामानुज प्रसाद ने कहा कि कभी जेडीयू भागकर नागपुर चली जाती है तो कभी भागकर पटना चली आती है. उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस के खिलाफ हमलोग लड़ते आए थे उससे हाथ मिलाया ताकि सांप्रदायिक ताकतों से लड़ सकें. यदि जेडीयू ऐसा फैसला लेती है तो हम परिस्थिति को देखते हुए फैसला करेंगे.
वहीं इस मसले पर जेडीयू ने संभलकर चलने की रणनीति अपनाई है. जेडीयू नेता और संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि महागठबंधन से रिश्ता टूटता है या जुटता है अलग बात है. लेकिन अभी हम एनडीए में है और एनडीए के साथ रहेंगे. इसमे कोई किंतु परंतु नहीं है. वहीं तीन तलाक बिल के मुद्दे पर जेडीयू नेता ने कहा कि इसपर हमारी पार्टी का रुख पहले से तय रहा है. हम उसपर कायम है. किसी के साथ गठबंधन होना अलग बात है लेकिन हम पार्टी के रुख को छोड़कर काम नहीं कर सकते हैं.





















