जम्मू: अचानक आई बाढ़ में फंसा शख्स, वायु सेना ने हेलीकॉप्टर से बचाई जान
बुधवार सुबह से ही जम्मू समेत आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही थी. इसी बारिश के चलते जम्मू के राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में एक नदी में अचानक बाढ़ आ गई, जिसमें एक शख्स इस नदी के बीचो-बीच बने एक टापू पर फंस गया.

जम्मू: जम्मू के राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में बुधवार को हुई तेज़ बारिश में एक शख्स यहां बह रही एक नदी में अचानक आयी बाढ़ में फंस गया. भारतीय वायु सेना ने तुरंत हरकत में आकर हेलीकॉप्टर से इस शख्स की जान बचाई.
बुधवार सुबह से ही जम्मू समेत आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही थी. इसी बारिश के चलते जम्मू के राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में एक नदी में अचानक बाढ़ आ गई, जिसमें एक शख्स इस नदी के बीचो-बीच बने एक टापू पर फंस गया. पानी का स्तर लगातार बढ़ रहा था और इसी बीच आसपास के लोगों ने सेना और पुलिस को इस घटना की सूचना दी.
पानी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने वायु सेना से मदद मांगी और उसके बाद इस शख्स को बचाने के लिए एक हेलीकॉप्टर को भेजा गया. नदी के बीचों बीच जिस टापू पर यह शख्स फसा था वहां पर बुधवार शाम करीब 6:15 बजे हेलीकॉप्टर पहुंच गया. हेलीकॉप्टर को इस शख्स के बिल्कुल नजदीक ले जाया गया और भारतीय वायु सेना के दो गरुड़ कमांडो को रस्सी के सहारे इस शख्स के पास उतारा गया.
नदी में लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण टापू पर फंसा यह शख्स लगभग बेहोशी की हालत में था. पानी के लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच गरुड़ कमांडो ने इस शख्स को उठाकर हेलीकॉप्टर में रखा, जिसके बाद इसे सेना के अस्पताल ले जाया गया. जहां प्राथमिक इलाज के बाद इसे जिला प्रशासन के हवाले कर दिया गया.























