दिल्ली हिंसा: हाईकोर्ट ने दिल्ली पुलिस से मांगा जवाब, दोपहर 12:30 बजे फिर होगी सुनवाई
दिल्ली में तनावपूर्ण शांति से गुजरी रात,अब तक हिंसा में 13 लोगों की मौत 190 लोग जख्मी.राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने रात में हिंसा ग्रस्त इलाकों का दौरा किया, गृहमंत्री ने चौबीस घंटे में की 3 बड़ी बैठकें.

नई दिल्ली: दिल्ली के लगातार बिगड़ते हालातों को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट ने की सुनवाई. हाईकोर्ट ने उस याचिका पर सुनवाई की जिसमें भड़काऊ भाषण देने वाले नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई थी. हाईकोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए पुलिस से जवाब मांगा है. मामले की सुनवाई दोपहर 12:30 बजे जारी रहेगी.
ऐसे मामलों में कोर्ट के आदेश के इंतजार की जरूरत नहीं दिल्ली हाईकोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए दिल्ली पुलिस से कहा कि ऐसे मामलों में तो हाईकोर्ट के किसी निर्देश की जरूरत होनी ही नहीं चाहिए. अगर कोई भड़काऊ भाषण दे रहा है तो उसके खिलाफ तो पुलिस को स्वतः ही कार्रवाई करनी चाहिए थी. लिहाजा पुलिस यह बताए कि अब तक क्या कार्रवाई हुई है और यह बताने के लिए दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी को कोर्ट में मौजूद रहना होगा.
बीजेपी के मंत्री, सांसद और नेता पर भड़काऊ भाषण देने का आरोप दिल्ली हाईकोर्ट में दायर याचिका में आरोप लगाया गया था बीजेपी के वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद प्रवेश वर्मा और बीजेपी नेता कपिल मिश्रा पर भड़काऊ भाषण देने का. याचिका में कहा गया है कि ऐसे नेताओं के बयान की वजह से दिल्ली में माहौल खराब हुआ और लगातार हिंसा जारी है जिसमें लोग अपनी जान गंवा रहे हैं.
रात 12:30 बजे भी हाईकोर्ट ने की थी विशेष सुनवाई इसे पहले देर रात भी हाईकोर्ट ने एक याचिका पर सुनवाई की थी जिसमें अस्पताल में भर्ती लोगों को समुचित इलाज देने की मांग की गई थी. याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने देर रात पुलिस को निर्देश दिया था कि वह हिंसा में चोटिल लोगों को बड़े अस्पतालों में इलाज मुहैया कराने की समुचित व्यवस्था करें और उनको हिंसाग्रस्त इलाके से निकालकर अस्पतालों तक पहुंचाएं.
























