छत्तीसगढ़: बीजेपी ने 9 सीटों पर दर्ज की जीत, कांग्रेस के खाते में सिर्फ 2 सीटें
राज्य की दुर्ग लोकसभा सीट में बीजेपी के विजय बघेल ने कांग्रेस की प्रतिमा चंद्राकर को 391978 वोटों से पराजित किया है. दुर्ग जिला मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का गृह जिला है और वर्ष 2014 में कांग्रेस ने इस एकमात्र सीट से जीत हासिल की थी

Lok Sabha Election 2019: विधानसभा चुनाव में मिली हार के बाद छत्तीसगढ़ में मोदी का जादू देखने को मिला. छत्तीसगढ़ की 11 सीटों में से 9 पर बीजेपी को जीत मिली, जबकि सत्ताधारी कांग्रेस सिर्फ 2 सीटों पर जीत दर्ज कर पाई.
छत्तीसगढ़ के सरगुजा लोकसभा सीट पर बीजेपी की रेणुका सिंह कांग्रेस के प्रत्याशी खेलसाय सिंह से 157873 वोटों से जीत गई हैं. रेणुका सिंह बीजेपी की तेजतर्रार नेत्री है तथा रमन सिंह मंत्रिमंडल में मंत्री रह चुकी हैं.
वहीं राज्य के रायगढ़ लोकसभा सीट से बीजेपी की गोमती साय ने कांग्रेस के लालजीत सिंह राठिया से 66027 वोटों से जीत दर्ज की है. जबकि रायपुर लोकसभा सीट से बीजेपी के सुनील सोनी ने कांग्रेस के प्रमोद दुबे को 348238 मतों से पराजित किया है.
राज्य की दुर्ग लोकसभा सीट में बीजेपी के विजय बघेल ने कांग्रेस की प्रतिमा चंद्राकर को 391978 वोटों से पराजित किया है. दुर्ग जिला मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का गृह जिला है और वर्ष 2014 में कांग्रेस ने इस एकमात्र सीट से जीत हासिल की थी. राज्य के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू यहां से सांसद रहे हैं. राजनांदगांव लोकसभा सीट से बीजेपी के संतोष पांडेय कांग्रेस के भोलाराम साहू से 111966 मतों से चुनाव जीत गए हैं.
राज्य के जांजगीर चांपा सीट से बीजेपी के गुहाराम अजगले ने कांग्रेस के रवि परसराम भारद्वाज को 83255 मतों से पराजित किया है. कांकेर लोकसभा सीट से बीजेपी के मोहन मंडावी चुनाव जीत गए हैं. उन्होंने कांग्रेस के बीरेश ठाकुर को 6914 मतों से हराया है. वहीं बिलासपुर लोकसभा सीट से बीजेपी के अरूण साव ने कांग्रेस के अटल श्रीवास्तव को 141763 मतों से पराजित किया है. राज्य के महासमुंद लोकसभा सीट में बीजेपी के चुन्नीलाल साहू ने कांग्रेस के धनेंद्र साहू को 90511 मतों से पराजित किया है.
राज्य में कांग्रेस ने बस्तर और कोरबा लोकसभा सीट जीत ली है. बस्तर लोकसभा सीट से कांग्रेस के दीपक बैज ने बीजेपी के बैदूराम कश्यप को 38982 वोटों से हाराया है. तथा कोरबा लोकसभा सीट से कांग्रेस की ज्योत्सना महंत ने बीजेपी के ज्योतिनंद दुबे को 26349 मतों से पराजित किया है. ज्योत्सना महंत विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत की पत्नी हैं.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL

















