IMC 2026 आज से होगा शुरू, 6G से AI रोबोट तक दिखेंगी नई टेक्नोलॉजी
India Mobile Congress 2026 आज से दिल्ली में शुरू हो रहा है, जहां 6G, AI, सैटेलाइट इंटरनेट और साइबर सिक्योरिटी जैसी नई टेक्नोलॉजी चर्चा में रहेंगी. जानिए इस बार IMC 2026 में क्या तैयारी हो रही है.

- प्रधानमंत्री मोदी 8 अक्टूबर को उद्घाटन करेंगे; उद्योग दिग्गज शामिल.
टेक्नोलॉजी की दुनिया अब नेटवर्क को तेज करने के साथ AI का इस्तेमाल, सैटेलाइट से कनेक्टिविटी, 6G की तैयारी और मशीनों को इंटरनेट से जोड़ने जैसी टेक्नोलॉजी पर तेजी से काम हो रहा है. इसी बदलती टेक्नोलॉजी की झलक भारत में आज से शुरू होने वाले India Mobile Congress 2026 में देखने को मिलेगी. दिल्ली के यशोभूमि में होने वाले इस चार दिवसीय टेक इवेंट में 6G, AI, सैटेलाइट कम्युनिकेशन, साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी तकनीकों पर चर्चा होगी.
7 से 10 अक्टूबर तक चलेगा IMC 2026
India Mobile Congress का 10वां एडिशन 7 अक्टूबर से शुरू होकर 10 अक्टूबर तक चलेगा. इस आयोजन में 100 देशों से 1.5 लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. 500 स्टार्टअप और 400 से ज्यादा कंपनियां यहां अपनी नई तकनीक और इनोवेशन पेश करेंगी. कार्यक्रम की कॉन्फ्रेंस 7 अक्टूबर से शुरू होगी, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 अक्टूबर को इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे. इस साल IMC की थीम Scale Without Boundaries यानी बिना सीमाओं के विस्तार रखी गई है.
चार हिस्सों में दिखेगी टेक्नोलॉजी
1. IMC 2026 को चार हिस्सों में बांटा गया है. सृष्टि सेक्शन में 6G, AI आधारित टेलीकॉम नेटवर्क, क्वांटम कम्युनिकेशन, AI चिप्स, सेमीकंडक्टर और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसी तकनीकों पर फोकस होगा.
2. संवर्धन में 5G से जुड़े नए बिजनेस मॉडल, मोबाइल तक सैटेलाइट इंटरनेट पहुंचाने, रोबोटिक्स, फैक्ट्री ऑटोमेशन और टेलीकॉम डिवाइस जैसे विषयों पर चर्चा होगी.
3. वहीं सशक्त में ग्रीन टेक्नोलॉजी, ग्रीन एनर्जी और इलेक्ट्रॉनिक कचरे के बेहतर प्रबंधन के जरिए टिकाऊ डिजिटल नेटवर्क पर जोर रहेगा.
4. सुरक्षा सेक्शन में साइबर सिक्योरिटी, स्पैम और ऑनलाइन धोखाधड़ी, डेटा प्राइवेसी, AI के नियम और समुद्र के नीचे बिछी इंटरनेट केबल की सुरक्षा जैसे मुद्दे शामिल होंगे.
AI अब नेटवर्क का भी हिस्सा बनेगा
IMC 2026 में AI-native telecom networks एक बड़ा चर्चा का विषय होंगे. इसका मतलब है कि AI सिर्फ किसी ऐप या सर्विस में इस्तेमाल होने के बजाय नेटवर्क को चलाने और बेहतर बनाने में भी भूमिका निभाएगा. पहले से खराबी का अनुमान लगाकर रखरखाव करना, नेटवर्क ऑटोमेशन, सर्विस मॉनिटरिंग, फ्रॉड डिटेक्शन और साइबर सिक्योरिटी में AI के इस्तेमाल पर बात होगी.
यह भी पढ़ें - Google Pixel 10a हुआ महंगा, अब खरीदने के लिए देने होंगे 6,000 ज्यादा
5G से आगे 6G और कनेक्टेड डिवाइस पर नजर
इवेंट में 5G को स्मार्टफोन से आगे ले जाने पर भी चर्चा होगी. फैक्ट्रियों, लॉजिस्टिक्स, हेल्थकेयर और दूसरे एंटरप्राइज कामों में एडवांस कनेक्टिविटी के इस्तेमाल पर फोकस रहेगा. साथ ही वाहनों, सेंसर और इंडस्ट्रियल मशीनों जैसे ज्यादा से ज्यादा डिवाइस को नेटवर्क से जोड़ने की दिशा भी दिखाई जाएगी.
पहले दिन बड़े नाम होंगे शामिल
7 अक्टूबर को IMC 2026 में Starlink, जापान के संचार मंत्रालय, Qualcomm, GSMA, Ericsson, Jio, Airtel और Intel समेत कई बड़े नाम शामिल होंगे. 8 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन के बाद आकाश अंबानी, सुनील भारती मित्तल और कुमार मंगलम बिड़ला जैसे दिग्गज भी हिस्सा लेंगे. यशोभूमि में 5G, 6G, AI, सैटेलाइट कम्युनिकेशन, साइबर सिक्योरिटी और सेमीकंडक्टर जैसी टेक्नोलॉजी के लाइव डेमो दिखाए जाएंगे, जबकि ASPIRE प्रोग्राम के जरिए डीप-टेक स्टार्टअप्स को निवेश और बिजनेस के मौके मिलेंगे.
यह भी पढ़ें - अमेरिकी कंपनियां ला रहीं नए सोलर पैनल, बिजली भी ज्यादा और उम्र भी लंबी






















