आपकी फोटो, आपके नाम से फेक अकाउंट! Instagram पर ऐसे करें पहचान
Instagram पर आपकी फोटो और नाम से कोई फेक अकाउंट चला रहा है? जानिए इसे कैसे पहचानें, उसकी शिकायत कैसे करें और अगर रिपोर्ट करने के बाद भी अकाउंट नहीं हटता, तो आगे क्या करें.

- समस्या न हटने पर दोबारा रिपोर्ट कर सहायता मांगें.
सोशल मीडिया पर आपकी फोटो और नाम का इस्तेमाल करके कोई दूसरा व्यक्ति लोगों से बातचीत करने लगे तो परेशानी बढ़ सकती है. आपके दोस्त और जानने वाले उस अकाउंट को असली समझ कर भरोसा कर सकते हैं. कई बार ऐसे फर्जी प्रोफाइल के जरिए लोगों को कंफ्यूज किया जाता है, गलत जानकारी फैलाई जाती है या पैसे और पर्सनल जानकारी मांगने की कोशिश होती है.
Instagram पर किसी और की पहचान का इस्तेमाल करके अकाउंट बनाना उसके नियमों के खिलाफ हो सकता है. अगर कोई आपकी फोटो, नाम या दूसरी पर्सनल जानकारियों का इस्तेमाल करके आपकी नकल कर रहा है, तो आप Instagram पर इसकी रिपोर्ट कर सकते हैं. तो आइए जानते हैं कि ऐसे अकाउंट को पहचानने और रिपोर्ट करने का सही तरीका क्या है.
कैसे पहचानें कि Instagram पर अकाउंट फेक है?
Instagram पर फेक प्रोफाइल कि पहचान करने के लिए सबसे पहले उसके नाम, फोटो, बायो और दूसरी जानकारियों को ध्यान से देखें. अगर कोई अकाउंट आपके नाम, फोटो, बायो या पर्सनल जानकारी का इस्तेमाल करके खुद को आपकी तरह दिखा रहा है या आपके दोस्तों और फैमिली से मैसेज करके पैसे, OTP या पर्सनल जानकारी मांग रहा है, तो उस प्रोफाइल, उसकी पोस्ट और मैसेज के स्क्रीनशॉट ले लें और अकाउंट का लिंक भी सेव कर लें और इसकी रिपोर्ट करें.
Instagram पर फेक अकाउंट की रिपोर्ट कैसे करें?
1. अगर कोई आपकी पहचान का गलत इस्तेमाल करके Instagram पर फर्जी अकाउंट चला रहा है, तो सबसे पहले उस प्रोफाइल पर जाएं.
2. इसके बाद ऊपर दिए गए तीन डॉट्स पर टैप करें.
3. अब Report के ऑप्शन पर जाएं.
4. इसके बाद Report Account चुनें.
5. यहां Its pretending to be someone else का ऑप्शन चुनें फिर बताएं कि अकाउंट आपकी नकल कर रहा है.
6. इसके बाद स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों को पूरा करके रिपोर्ट सबमिट कर दें.
बिना Instagram अकाउंट ऐसे करें शिकायत रिपोर्ट
अगर आपके पास Instagram अकाउंट नहीं है या आप वेबसाइट के जरिए शिकायत करना चाहते हैं, तो Instagram के रिपोर्टिंग फॉर्म का इस्तेमाल कर सकते हैं. पहचान की पुष्टि के लिए आपसे आधार कार्ड, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस जैसे सरकारी पहचान पत्र की कॉपी मांगी जा सकती है. शिकायत की जांच में कुछ दिन लग सकते हैं, हालांकि इसका समय मामले के अनुसार अलग-अलग हो सकता है.
यह भी पढ़ें - हर वेबसाइट पर Cookies को हां कहना पड़ सकता है भारी, जानें क्यों?
रिपोर्ट करने के बाद भी फेक अकाउंट न हटे तो क्या करें?
अगर शिकायत करने के बाद भी फर्जी अकाउंट Instagram पर मौजूद है, तो आप दोबारा उसकी रिपोर्ट कर सकते हैं. इसके लिए ऐप और वेबसाइट, दोनों तरीकों का इस्तेमाल करें. आप Instagram के Help Center पर जाकर भी मदद ले सकते हैं. इसके अलावा अपनी समस्या की जानकारी देने के लिए X या Threads पर @Instagram या @Creators को टैग कर सकते हैं या मैसेज भेज सकते हैं. अगर आपका अकाउंट वेरिफाइड है या बिजनेस अकाउंट है, तो Meta Business Suite के जरिए Meta की सपोर्ट टीम से संपर्क करने का ऑप्शन भी मौजूद है.
यह भी पढ़ें - Samsung vs LG Smart TV: किसकी स्क्रीन और टेक्नोलॉजी है ज्यादा दमदार?






















