आपके Google Account में कौन-कौन कर रहा है लॉगिन? मिनटों में ऐसे जानें
क्या आपका Google Account किसी अनजान डिवाइस में लॉगिन है? Gmail, Google Drive और दूसरी जरूरी जानकारी सुरक्षित रखने के लिए जानें कि आपका अकाउंट किन डिवाइस में खुला है.

- टू-स्टेप वेरिफिकेशन, रिकवरी जानकारी भी अपडेट करें.
Google Account में हमारी जरूरी फाइलें, फोटो और कई दूसरे अकाउंट से जुड़ी जानकारियां मौजूद होती हैं. ऐसे में अगर कोई दूसरा व्यक्ति बिना आपकी जानकारी के आपके अकाउंट में लॉगिन कर ले, तो आपकी निजी जानकारी खतरे में पड़ सकती है. कई बार इसकी शुरुआत छोटी-छोटी गड़बड़ियों से होती है. जैसे Gmail के Sent फोल्डर में ऐसी ईमेल दिखना, जिन्हें आपने भेजा ही नहीं, Google Drive में अनजान फाइलें मिलना या किसी सर्विस का पासवर्ड रीसेट करने वाला ईमेल आना, ऐसी एक्टिविटी को नजरअंदाज करना ठीक नहीं है.
कई बार ऐसे भी होता है कि किसी दूसरे डिवाइस पर आपका अकाउंट खुला हो या कोई अनजान व्यक्ति उसका इस्तेमाल कर रहा हो. अच्छी बात यह है कि Google में मौजूद सेटिंग की मदद से आप पता लगा सकते हैं कि आपका अकाउंट किन डिवाइस में लॉगिन है. तो आइए जानते हैं कि मिनटों में कैसे जानें Google Account में कौन-कौन लॉगिन कर रहा है.
Google Account में लॉगिन डिवाइस ऐसे चेक करें
1. इसके लिए आपको कोई अलग ऐप इंस्टॉल करने की जरूरत नहीं है. कंप्यूटर या मोबाइल के ब्राउजर से ही यह जानकारी देख सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले myaccount.google.com पर जाएं और अपने Google Account में लॉगिन करें.
2. अब Security सेक्शन खोलें.
3. नीचे जाकर Your Devices का ऑप्शन खोजें.
4. यहां Manage all devices पर क्लिक करें.
5. इसके बाद आपको उन डिवाइस की जानकारी मिलेगी, जिन पर आपका Google Account लॉगिन है. इसमें डिवाइस का टाइप, उसका मॉडल, इंटरनेट कनेक्शन के आधार पर परमिशन लोकेशन और पिछली एक्टिविटी का समय शामिल हो सकता है.
मोबाइल से कैसे देखें लॉगिन डिवाइस?
अगर आप फोन से यह जानकारी चेक करना चाहते हैं, तो Gmail या Google ऐप खोलें. ऊपर दाईं ओर अपनी प्रोफाइल फोटो पर टैप करें और Manage your Google Account चुनें. इसके बाद Security सेक्शन में जाकर Your Devices और फिर Manage all devices पर जाएं. यहां भी आपको लॉगिन डिवाइस की लिस्ट मिल जाएगी.
यह भी पढ़ें - हमेशा Low Power Mode पर रखते हैं फोन? हो सकते हैं ये नुकसान
इन संकेतों को न करें नजरअंदाज
डिवाइस की लिस्ट में कोई ऐसा फोन या कंप्यूटर दिखाई दे, जिसका आप इस्तेमाल नहीं करते, तो उसकी चेक करें. ऐसी लोकेशन या एक्टिविटी का समय भी ध्यान देने लायक है, जिसे आप पहचान नहीं पा रहे हैं, हालांकि लोकेशन इंटरनेट कनेक्शन के आधार पर दिखाई जाती है, ऐसे में गलत शहर दिखने का मतलब हमेशा यह नहीं होता कि किसी ने अकाउंट में सेंध लगा दी है.
अनजान डिवाइस दिखे तो क्या करें?
अगर कोई डिवाइस पहचान में नहीं आता, तो उसके सामने Sign out का ऑप्शन चुनें. इसके बाद अपने Google Account का पासवर्ड बदलें और 2-Step Verification चालू करें. साथ ही Recovery Email, Recovery Phone और अकाउंट से जुड़े थर्ड-पार्टी ऐप्स की जांच करें. अगर कोई जानकारी या ऐप अनजान लगे, तो उसे हटाने के लिए जरूरी कदम उठाएं. आप Security सेक्शन में Recent Security Events और Security Checkup की मदद से भी अकाउंट की सुरक्षा से जुड़ी एक्टिविटी की जांच कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें - चार्जिंग के बाद भी नहीं बढ़ रहा बैटरी पर्सेंटेज, जानें कहां है दिक्कत?






















