हार के बाद बल्लेबाजों पर बरसे हरभजन
हार के बाद बल्लेबाजों पर बरसे हरभजन


मुंबई: इंडियन प्रीमियर लीग के नौवें चरण के पहले मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस को पहले ही मुकाबले में राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के हाथों नौ विकेट की करारी हार झेलनी पड़ी. टीम की हार के बाद दिग्गज खिलाड़ी हरभजन सिंह ने कहा है कि उनके लिए अपनी टीम की हार को समझा पाना काफी मुश्किल है.
भज्जी ने मैच के बाद कहा ‘‘हमें जितनी अच्छी बल्लेबाजी करनी चाहिए थी, हमने वैसी बल्लेबाजी नहीं की। हालांकि यह हमारे लिये कठिन मैच था. मुंबई का विकेट शायद बल्लेबाजी के लिये सर्वश्रेष्ठ है. लेकिन खराब शॉट चयन ने हमें हार तक पहुंचा दिया. हमें अपने खेल पर थोड़ा और काम करने की जरूरत है. ’’
मुंबई की टीम एक समय 68 रन पर सात विकेट गंवाकर मुश्किल में थी, उसने पावर प्ले खत्म होने से पहले शीर्ष चार बल्लेबाजों के विकेट खो दिये थे. इसके बाद हरभजन ने 30 गेंद में नाबाद 45 रन बनाये जिससे टीम आठ विकेट पर 121 रन तक बनाने में सफल रही. लेकिन पुणे ने 122 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया और उसके सलामी बल्लेबाज अंजिक्य रहाणे ने 42 गेंद में नाबाद 66 रन बनाये.
हरभजन ने कहा, ‘‘कभी कभार हमें लगता है कि पिच पर ज्यादा समय नहीं है. लेकिन मुझे लगता है कि बतौर बल्लेबाजी इकाई हमें थोड़ा समय लेने की जरूरत है. ’’
Source: IOCL















