ईरान का राष्ट्रगान बजने से विवाद...एशियन पैरा गेम्स अधिकारी ने मांगी माफी
नागोया के मेयर इचिरो हिरोसावा ने बुधवार को बताया कि सोमवार को एशियन पैरा गेम्स के दौरान तीन बार गलत राष्ट्रगान बजाए गए. हिरोसावा ने इस पर माफी मांगते हुए कहा, "हमें खेद है कि ऐसी घटनाएं दोबारा हुईं."

एशियन पैरा गेम्स में राष्ट्रगान से जुड़ा एक नया विवाद सामने आया, जिसको लेकर खेल आयोजन की आयोजन समिति के कार्यवाहक प्रमुख इचिरो हिरोसावा ने खेद प्रकट करते हुए माफी मांगी है. आयोजन समिति ने बताया कि यह गलती म्यूजिक प्लेबैक सॉफ्टवेयर की गलत सेटिंग के कारण हुई.
एशियन पैरा गेम्स का आयोजन आइची प्रान्त के कई स्थानों पर किया जा रहा है, जिसमें नागोया भी शामिल है. नागोया के मेयर इचिरो हिरोसावा ने बुधवार को बताया कि सोमवार को एशियन पैरा गेम्स के दौरान तीन बार गलत राष्ट्रगान बजाए गए. हिरोसावा आयोजन की आयोजन समिति के कार्यवाहक प्रमुख भी हैं.
पैरा ताइक्वांडो में महिलाओं की स्पर्धा में मंगोलिया और पुरुष स्पर्धा में ताइवान के खिलाड़ियों ने गोल्ड मैडल जीता, लेकिन दोनों के पदक समारोह के दौरान ईरान का राष्ट्रगान बजा दिया गया. आयोजन समिति के अनुसार म्यूजिक प्लेबैक सॉफ्टवेयर की गलत सेटिंग के कारण गलत राष्ट्रगान बन गया. इसके बाद आयोजकों ने महिला पदक समारोह के दौरान ईरान का राष्ट्रगान बजना रोक दिया और फिर मंगोलिया का राष्ट्रगान बजाया गया. वहीं पुरुषों का पदक समारोह बुधवार को दोबारा आयोजित किया गया.
चीन और ईरान के बीच सिटिंग वॉलीबॉल महिला मैच में चीन के राष्ट्रगान की जगह दक्षिण कोरिया का राष्ट्रगान बजा दिया गया. इसे बीच में रोक दिया गया और फिर चीन का राष्ट्रगान बजाया गया.
पिछले महीने हुए एशियन गेम्स के दौरान भी कुछ ऐसा ही हुआ था. 18 सितंबर को पुरुष हॉकी में दक्षिण कोरिया और बांग्लादेश के बीच मैच में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रगान की जगह उत्तर कोरिया का राष्ट्रगान बजा दिया गया था.
बुधवार को इचिरो हिरोसावा ने इस पर माफी मांगी. उन्होंने कहा, "हमें खेद है कि ऐसी घटनाएं दोबारा हुईं."
भारत के कुल पदकों की संख्या 100 पार
शुक्रवार, 23 अक्टूबर को एशियन पैरा गेम्स का पांचवां दिन है. आज भारत के लिए पहला गोल्ड हरविंदर सिंह और विजय सुंडी की जोड़ी ने जीता. उन्होंने पुरुषों के डबल्स रिकर्व इवेंट फाइनल में चीन को 5-1 से हराया. पैरा बैडमिंटन में नितेश कुमार ने गोल्ड जीता, जिन्होंने फाइनल में भारत के ही प्रमोद भगत को हराया. पैरा बैडमिंटन में दिन का दूसरा गोल्ड नवीन शिवकुमार ने जीता, जिन्होंने फाइनल में इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान को 21-9, 21-17 से हराया. खबर लिखे जाने तक भारत के कुल पदकों की संख्या 100 (25 गोल्ड) हो गई है.






















