विरोध मार्च के बाद क्या है कांग्रेस का प्लान, खरगे ने सांसदों से क्या कहा?
संसद भवन से चुनाव आयोग के मुख्यालय के लिए निकाले गए मार्च के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पिछले करीब पांच घंटे से आकाशवाणी भवन परिसर में धरना देकर एक पेड़ के नीचे बैठे हुए हैं.

- इंडिया गठबंधन सांसदों ने चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च निकाला।
- राहुल गांधी ने रोकने पर आकाशवाणी भवन में धरना दिया।
- मल्लिकार्जुन खरगे ने सांसदों को कल दिल्ली में रहने को कहा।
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के सांसद मार्च निकालने के बाद अब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विपक्षी सांसदों के लिए एक संदेश जारी किया है. मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आज प्रदर्शन में शामिल हुए तमाम सांसदों से अनुरोध है कि वह कल बुधवार (7 अक्टूबर) को भी दिल्ली में मौजूद रहें.
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष की तरफ से यह संदेश गठबंधन नेताओं के साथ आगे की रणनीति तय करने के लिए हो सकती है. हालांकि, उन्होंने इस बारे में कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया है.
संसद भवन से लेकर चुनाव आयोग मुख्यालय तक यह विरोध मार्च मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार, एसआईआर और वोट चोरी के मुद्दों के खिलाफ जारी विवाद को लेकर निकाला गया. इसमें कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) समेत इंडिया गठबंधन के विभिन्न दलों के सांसद-नेता से लेकर भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए.
दिल्ली पुलिस ने राहुल-प्रियंका और अखिलेश यादव को लिया था हिरासत में
ज्ञानेश कुमार को जिसने 'वोट चोरी' का ज्ञान दिया, वो सबसे बड़े चोर हैं। इन चोरों के खिलाफ हम लड़ते रहेंगे। आज देश की जनता जान रही है कि उनके वोट चोरी हो रहे हैं और उनकी आजादी ख़त्म हो रही है। गांधी जी, नेहरू जी, बाबा साहेब आंबेडकर जी और बाकी नेताओं की मेहनत से संविधान बना था, लेकिन ये सरकार उसे ख़त्म करने पर तुली है।
— Mallikarjun Kharge (@kharge) October 6, 2026
इंडिया गठबंधन के इस सांसद मार्च के दौरान चुनाव आयोग मुख्यालय की तरफ बढ़ते हुए दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, उनकी बहन प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया था. हालांकि, फिर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं ने पुलिस बस को घेर लिया और हिरासत में लिए गए नेता बस से निकलकर फिर चुनाव आयोग की तरफ बढ़ने लगे थे.
विपक्षी दलों के नेताओं को चुनाव आयोग मुख्यालय तक जाने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस ने भारी संख्या सुरक्षा बलों की तैनाती की थी और बड़ी मात्रा बैरिकेडिंग भी लगाए गए थे, लेकिन अपने गंतव्य की तरफ बढ़ते हुए LoP राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद अभिषेक बनर्जी पुलिस बैरिकेड्स के ऊपर चढ़कर खड़े हो गए. इस दौरान बैरिकेड्स पर चढ़कर राहुल गांधी तिरंगा झंडा भी फहराया. जिसकी तस्वीर काफी ज्यादा वायरल हुई.
5 घंटे से आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठे हैं राहुल गांधी
वहीं, जब दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी के मार्च को आगे बढ़ने से रोका, तब राहुल गांधी अपनी बहन प्रियंका गांधी के साथ आकाशवाणी भवन परिसर में एक पेड़ के नीचे धरने पर बैठ गए. पिछले करीब 5 घंटे से कांग्रेस नेता आकाशवाणी भवन परिसर में पेड़ के नीचे ही धरने दिए बैठे हुए हैं. इस दौरान जब उनसे उठने के लिए कहा गया, तब राहुल गांधी ने कहा, ‘मुझे यहां से हटाना है तो हटा दो, लेकिन मेरी एक विनती है कि मुझे बता दो कि मैं कहां बैठ सकता हूं.’
यह भी पढ़ेंः राहुल गांधी की EC जाने की जिद: बैरिकेड्स पर चढ़े, तिरंगा लहराया, अब पेड़ के नीचे धरना






















