100 रुपये देने से मना करने पर 75 साल की महिला की पत्थर मारकर हत्या
नरेश नशे में धुत होकर रजाव्वा के पास आया और उनसे 100 रुपये की मांग की. महिला ने नरेश को रुपए देने से इनकार कर दिया और उससे पहले दिए 100 रुपए वापस करने को कहा.

तेलंगाना: तेलंगाना में सिद्दीपेट जिले के मोहम्मदाबाद गांव में 100 रुपए देने से इनकार करने पर एक बुजुर्ग महिला की उसके परिजन ने कथित रूप से हत्या कर दी. पुलिस ने यह जानकारी दी.
हुस्नाबाद पुलिस थाने के उप-निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि 75 साल के रजाव्वा अकेली रहती थी और उसके चार बेटे हैं. बेटों की भेड़े हैं जिनकी देखभाल उनका परिजन नरेश करता है.
अधिकारी ने बताया कि नरेश नशे में धुत होकर रजाव्वा के पास आया और उनसे 100 रुपये की मांग की. महिला ने नरेश को रुपए देने से इनकार कर दिया और उससे पहले दिए 100 रुपए वापस करने को कहा.
कुमार ने बताया कि इसके बाद नरेश ने महिला पर एक पत्थर से हमला कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. नरेश के खिलाफ आईपीसी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपी को पकड़ने के प्रयास किये जा रहे है.





















