झारखंड: कांग्रेस में नाखून काटकर शहीद होने की होड़ मची, नामदार को बचाने के लिए बैठकें शुरू- पीएम मोदी
राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि नामदार को हार की जिम्मेदारी से बचाने के लिए बैठकें शुरू हो गई हैं. प्रधानमंत्री ने घोषणापत्र में देशद्रोह कानून को लेकर किए हए वादे पर भी कांग्रेस को घेरा.

देवघर: आखिरी चरण के लिए प्रचार कर रहे नेताओं के हमले एक दूसरे पर पहले से और भी ज्यादा आक्रामक हो गए हैं. आज झारखंड के देवघर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर जमकर हमला बोला. प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस में नाखून कटाकर शहीद होने की होड़ मची है.
इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि नामदार को हार की जिम्मेदारी से बचाने के लिए बैठकें शुरू हो गई हैं. प्रधानमंत्री ने कहा, ''कांग्रेस ने नतीजों की तैयार भी शुरु कर दी है. हार के बाद उसका ठीकरा किसके सिर पर फोड़े इसकी तैयारी कांग्रेस कर रही है. नामदार को बचाने के लिए क्या किया जाए इसके लिए वहां अभ्यास चल रहा है.''
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इशारों में सैम पित्रोदा और मणिशंकर अय्यर पर भी हमला बोला. उन्होंने कहा, ''पांचवे चरण के बाद ही नामदार परिवार के दो सबसे करीबी दरबारियों ने अपनी तरफ से बैटिंग शुरु कर दी है. वरना इनकी हिम्मत नहीं है कि कप्तान से पूछे बिना मैच खेलने उतर जाए. एक नामदार के गुरु हैं, उन्होंने सिखों की भावनाओं की मजाक उड़ाते हुए कहा- हुआ तो हुआ. दूसरे बल्लेबाज, गुजरात चुनाव के दौरान हिट विकेट होने के बाद से ही मैदान से बाहर थे. मुझे गाली देने के बाद से छिपे हुए थे. वो भी अब मैदान में पहुंच गए हैं और जमकर मुझे गालियां दे रहे हैं.''
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और जेएमएम के गठबंधन को भी निशाना बनाया. उन्होंने कहा, ''एक तरफ हम झारखंड के विकास के लिए समर्पित हैं. वहीं दूसरी तरफ झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस के लोग घुसपैठियों के साथ खड़े हैं. लेकिन हमारा स्पष्ट मत है कि हम देश में एक-एक घुसपैठिए की पहचान करेंगे. राष्ट्र रक्षा जैसे विषयों पर भी कांग्रेस और महामिलावटियों के मुंह पर ताला लग गया है. आतंकवाद ऐसी चुनौती है जिसका कड़ाई से मुकाबला जरूरी है. लेकिन कांग्रेस की नीतियां ऐसी रही हैं कि वो आतंकवाद और नक्सलवाद को कुचल नहीं सकती.''
प्रधानमंत्री ने घोषणापत्र में देशद्रोह कानून को लेकर किए हए वादे पर भी कांग्रेस को घेरा. उन्होंने कहा, ''कांग्रेस अब देशद्रोह का कानून भी खत्म करना चाहती है. कांग्रेस पत्थरबाज़ों, आतंकियों और उनके समर्थकों, नक्सलियों और उन्हें खाद पानी देने वालों को खुली छूट देना चाहती है. बीजेपी इन्हें ऐसा कतई करने नहीं देगी. हम नई रीति, नई नीति पर चल रहे हैं. हमारी प्रेरणा मक्खन खाने वाले बाल गोपाल हैं तो हमारी प्रेरणा सुदर्शन चक्र चलाने वाले भगवान कृष्ण भी हैं. जब-जब जरूरत पड़ेगी, भारत आतंकियों को कुचलने के लिए सुदर्शन चक्र धारी कृष्ण का रूप लेकर भी कार्रवाई करेगा.''
प्रधानमंत्री ने कहा, ''घोटाले का एक दाग हमारी सरकार पर नहीं है और जब ये बात मैं बाबा धाम में कह रहा हूं तो मुझे गर्व हैं कि उनके इस भक्त को ईमानदार सरकार का नेतृत्व करने का देश की जनता ने सौभाग्य दिया है. मैं अपने आदिवासी भाई-बहनों को फिर बता दूं कि वोट के लिए ये महामिलावटी किसी को भी ठग सकते हैं. जब तक मोदी है तब तक आपकी जमीन, आपके हक को कोई हाथ नहीं लगा पाएगा.''
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL
















