Gujarat Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान से पहले कांग्रेस का चुनाव आयोग पर तंज, BJP ने किया पलटवार
Gujarat Assembly Election 2022: कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर के लिखा है कि भारत निर्वाचन आयोग एक स्वायत्त संस्थान है.

Gujarat Assembly Election 2022: आज गुजरात विधानसभा चुनाव के तारीखों का ऐलान होगा. चुनाव आयोग दोपहर 12 बजे चुनाव और रिजल्ट का डेट अनाउंस करेगा. इस बीच कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर निशाना साधा है. कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर के लिखा है कि भारत निर्वाचन आयोग एक स्वायत्त संस्थान है. ये निष्पक्ष चुनाव कराता है. हालांकि कांग्रेस ने अपने इस ट्वीट के साथ नीचे गांधी जी के तीन बंदरों की इमोजी भी लगाई है.
कांग्रेस के चुनाव आयोग पर कसे गए तंज पर बीजेपी ने पलटवार किया है और कहा है कि ये दिखाता है कि कांग्रेस को हारने का डर है.
भारत निर्वाचन आयोग एक स्वायत्त संस्थान है। ये निष्पक्ष चुनाव कराता है।
— Congress (@INCIndia) November 3, 2022
🙈🙉🙊
आज चुनाव आयोग करेगा गुजरात चुनाव की तारीखों का ऐलान
गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए आज दोपहर 12 बजे तारीखों का एलान किया जाएगा. चुनाव आयोग की आज प्रेस कॉन्फ्रेंस होगी जिसमें तारीखों की जानकारी दी जाएगी. गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी और कांग्रेस पहले ही अपनी कमर कस चुकी है. वहीं इस बार आम आदमी पार्टी की एंट्री ने मुकाबले को और भी ज्यादा रोचक बना दिया है.
बता दें कि आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुजरात विधानसभा चुनावों के मद्देनजर मंगलवार को 22 उम्मीदवारों की एक और लिस्ट जारी कर दी है. पार्टी ने अभी तक कुल 108 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं. आप एकमात्र राजनीतिक दल है जिसने गुजरात चुनाव के लिए 100 से ज्यादा उम्मीदवारों की घोषणा की है. गुजरात में विधानसभा की 182 सीटें हैं.गुजरात विधानसभा चुनाव 2017 में सभी 182 सीटों के परिणाम घोषित होने के बाद बीजेपी ने 99 सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया था. वहीं कांग्रेस को 77 सीटें मिली थी. साल 2017 में, गुजरात में 9 दिसंबर और 14 दिसंबर को हुए दो चरणों मतदान हुआ था. गुजरात में बहुमत का आंकड़ा 92 है. मालूम हो कि साल 2017 में, गुजरात विधानसभा चुनाव में पहले चरण में 89 सीटों के लिए हुए मतदान में 66.75 फीसदी वोटिंग हुई थी. दूसरे चरण में 68.70 फीसदी वोटिंग हुई थी. इस चरण में 93 सीटों पर वोटिंग हुई थी.















