गाजीपुर का कूड़े का पहाड़ बना EDMC की कमाई का साधन, AAP ने कहा 'शर्म की बात'
दिल्ली में गाज़ीपुर लैंडफिल साइट पर खड़े कूड़े का पहाड़ एक बार फिर चर्चा में है. अब यहाँ फ़िल्म, डॉक्यूमेंट्री या सीरीज शूट करने के लिए पैसे चुकाने होंगे. पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने फिल्म शूटिंग पॉलिसी को अनुमति दे दी है. इस पॉलिसी के तहत पूर्वी दिल्ली नगर निगम के इलाके में अगर कोई भी फिल्म की शूटिंग करना चाहता है, तो उसे सिंगल विंडो परमिशन लेनी होगी. खास बात ये है कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम के किसी भी लोकेशन पर शूट करने के लिए 75,000 रुपए प्रतिदिन का शुल्क देना होगा लेकिन अगर कोई गाज़ीपुर लैंडफिल साइट पर शूटिंग करना चाहता है तो उसे 2 लाख रुपए प्रतिदिन का शुल्क देना होगा. इसके साथ ही 25 हज़ार रुपए का सिक्योरिटी डिपॉजिट देना होगा जो रिफंडेबल होगा.



























