पैसों को लेकर हुआ विवाद, महिला ने बेटे के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट
विवाद बढ़ने पर हीरालाल डंडा लेकर पत्नी को मारने के लिए दौड़ा। इस पर गीता ने डंडा छीन लिया और पति को पीटने लगी। बेटे ने भी पिता पर डंडे से प्रहार किया। इससे उसकी मौत हो गई।

प्रयागराज, एबीपी गंगा। पैसे के विवाद में एक महिला ने बेटे के साथ मिलकर पति को पीटकर मार डाला। मऊआइमा थाना क्षेत्र के तैबा नगर गदियानी गांव में रिश्ते के कत्ल की खबर फैलते ही खलबली मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।
नशे के लिए जमीन बेच देता था पति
हीरालाल पटेल (42) पुत्र स्व. बचोले गांव में रहकर खेती करता था। वह नशे का आदी था और इसके लिए जमीन भी बेच देता था। इसी बात को लेकर उसका पत्नी गीता देवी से झगड़ा होता था। हीरालाल की आदत में सुधार न होने पर पत्नी अपने मायके शुकुलपुर में रहने लगी थी। इसी बीच हीरालाल ने दो लाख रुपये में पैतृक जमीन बेच डाली। इसकी जानकारी होने पर गीता बच्चों के साथ तीन दिन पहले तैबा नगर आई। यहां वो बेची गई जमीन का पैसा मांगने लगी।
रुपये मांगने पर विवाद में हुई हत्या
बच्चों संग आने के बाद गीता ने पति से बेची गई जमीन के पैसे मांगे। इसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हीरालाल डंडा लेकर पत्नी को मारने के लिए दौड़ा। इस पर गीता ने डंडा छीन लिया और पति को पीटने लगी। बेटे ने भी पिता पर डंडे से प्रहार किया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर पूछताछ की और फिर आरोपियों को पकड़कर थाने ले गई। पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि पैसे के विवाद में घटना हुई है। रिपोर्ट दर्ज कर पत्नी व बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है। बेटा नाबालिग है।
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL























