Ramlala Pran Pratishtha: मोदी सरकार के इस फैसले से खुश हैं स्वामी प्रसाद मौर्य? प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम पर भी दिया जवाब
Swami Prasad Maurya on Ram Mandir: सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में जाने को लेकर बड़ा बयान दिया है. साथ ही उन्होंने ओपी राजभर को नसीहत दी.

Ayodhya Ram Mandir Inauguration: समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने अयोध्या में बने नए एयरपोर्ट का नाम महर्षि वाल्मीकि के नाम पर रखने के बीजेपी सरकार के फैसले का स्वागत किया है. शुक्रवार को देवरिया पहुंचे स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एयरपोर्ट बनाना स्वागत योग्य है. साथ ही उन्होंने कहा कि मंदिर में वाल्मीकि समाज का पुजारी भी बनाया जाए.
अयोध्या में 22 जनवरी 2024 को होने वाले श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगर प्राण प्रतिष्ठा का आमंत्रण पत्र मिलेगा तो जाने पर विचार करेंगे. उन्होंने कहा कि अच्छा होगा अगर हर मंदिर में वाल्मीकि जी के सम्मान में वाल्मीकि समाज के एक व्यक्ति को पुजारी अवश्य बनाया जाए.
ओमप्रकाश राजभर को लेकर क्या बोले?
इस दौरान उन्होंने सुभासपा के मुखिया ओमप्रकाश राजभर पर भी निशाना साधा. सपा नेता ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर अपना आकलन करें और समाजवादी पार्टी की चिंता ना करें. बता दें कि, अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के हिंदू धर्म को लेकर दिए गए ताजा बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया है.
हिंदू धर्म पर दिए बयान से मचा है बवाल
उन्होंने हाल ही में दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि हिंदू धर्म एक धोखा है. वेसै भी 1995 में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि हिंदू कोई धर्म नहीं है. ये जीवन जीने की एक शैली है. आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत भी दो बार कह चुके हैं कि हिंदू नाम का कोई धर्म नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक कला है.
स्वामी प्रसाद मौर्य के इस बयान की बीजेपी नेताओं और हिंदू धर्म गुरुओं ने कड़ी आलोचना की है. इस मामले को लेकर बीजेपी ने सपा को भी घेर लिया है. बीजेपी के वरिष्ठ नेता और यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस बयान पर पलटवार करते हुए कहा था कि उनके सनातन विरोधी बयानों से न तो हिंदू धर्म कमजोर होगा और न ही भव्य राम मंदिर का निर्माण रुकेगा.
ये भी पढ़ें-





















