कोरिया में दर्दनाक हादसा, छुई खदान धंसने से 4 लोगों की मौत, और भी लोगों के दबे होने की आशंका, रेस्क्यू जारी
Chhattisgarh News: पुलिस एवं ग्रामीणों द्वारा जेसीबी की मदद से मलवे को हटाया गया. कुछ देर खुदाई के बाद चार ग्रामीणों को बाहर निकाल लिया गया। सभी मृत मिले. पांचवें दबे ग्रामीण की तलाश की जा रही है.

Ambikapur News: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में दर्दनाक हादसा हो गया है. यहां छुई खदान में खुदाई के दौरान मिट्टी धंस गई. जिसमें दबकर 4 लोगों की मौत हो गई है. इनमें महिलाएं भी शामिल है. मिट्टी के ढेर में और भी लोगों के दबे होने की आशंका पर जेसीबी से रेस्क्यू किया जा रहा है. मामला खड़गंवा थाना इलाके का है.
जानकारी के अनुसार, खड़गंवा विकासखंड अंतर्गत बंजारीडांड मौहारी पारा के लोहरिया नदी में मजदूर छुई मिट्टी की खुदाई कर रहे थे. इसी दौरान अचानक मिट्टी धंस गई. अब तक 4 लोगों के शव बरामद किए गए हैं.आशंका जताई जा रही है कि अंदर और भी लोग फंसे हो सकते हैं. फिलहाल जेसीबी की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.घटना के बाद तुरंत इस बात की सूचना पुलिस को भी दी गई थी. जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है.
हादसा शाम के 6 बजे के आस-पास हुआ है
वहीं सूचना मिलने पर बैकुंठपुर विधायक व संसदीय सचिव अंबिका सिंहदेव भी मौके पर पहुंची. ऐसा कहा जा रहा है कि हादसा शाम के 6 बजे के आस-पास हुआ है. फिलहाल मरने वालों के नाम सामने नहीं आ सके हैं. घटनास्थल पर मौजूद अधिकारी कुछ बताने को तैयार नहीं है. घटनास्थल पहुंची स्थानीय विधायक अम्बिका सिंहदेव पुलिस से घटना की जानकारी ले रही हैं. एडिशनल एसपी निमेश बरैया के निर्देश पर एसडीओपी राकेश कुर्रे भी पहुंचे हुए हैं.
बस्तर में 6 की मौत हुई थी
गौरतलब है कि 5 महीने पहले बस्तर जिले में स्थित एक छुई खदान धंसने से वहां काम कर रहे 6 मजदूरों की दबने से मौत हो गई थी. मृतकों में 5 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल थे. दो घायलों में एक 14 साल की लड़की भी शामिल थी. मलबे के नीचे कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका के चलते रेस्क्यू टीम ने काफी देर तक मलबा हटाकर सर्चिंग अभियान चलाया था. मलबा हटाने के बाद वहां कोई और लोगों के नहीं दबे होने की पुष्टि होने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन बंद किया गया था.
ये भी पढ़ें: Doctor Chai Wala: दिलों पर राज करते हैं UP के 'डॉक्टर चाय वाला', फ्री में देते हैं कइयों को दवाइयां, जानें दिलचस्प कहानी
Source: IOCL























