मध्य प्रदेश: कांग्रेस विधायकों का किसानों को उकसाना दुर्भाग्यपूर्ण है- अमित शाह

रायपुर: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस के विधायकों ने किसानों की भावनाओं को उकसाने का प्रयास किया है. शाह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक सवाल के जवाब में ये बात कही. शाह ने आगे कहा मध्यप्रदेश की शांति को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. यह बहुत निंदनीय है.
किसानों को बोनस देने पर विचार किया जा रहा है उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों की बेहतरी के लिए लगातार प्रयास किए है और उनकी आय भी बढ़ी है. वहीं बीजेपी शासित राज्यों में भी किसानों के विकास के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि किसानों से धान का एक एक दाना खरीदा जा रहा है. उन्हें बोनस देने पर विचार किया जा है. जहां जहां भारतीय जनता पार्टी की सरकारें हैं उसका कृषि विकास दर और उससे पहले वहां कांग्रेस की सरकारें थी उसका कृषि विकास दर दोनों की तुलना की जानी चाहिए. जहां बीजेपी की सरकारें हैं वहां पिछले लगभग दस साल से कृषि विकास दर 10 प्रतिशत है. कृषि विकास दर बढ़ता है तब किसानों की आय बढ़ती है.
केंद्र सरकार ने समर्थन मूल्यों पर लगातार बढ़ोतरी की है शाह ने कहा कि केंद्र सरकार ने समर्थन मूल्यों पर लगातार बढ़ोतरी की है. स्वामीनाथन कमेटी की कई सिफारिशों को लागू किया गया है. यूरिया उपलब्ध कराने से लेकर खाद के दामों को कम करने का काम सरकार ने किया है. वहीं किसानों से खरीफ और रबी फसलों की खरीदी की गई है. उन्होंने केंद्र सरकार के पिछले तीन सालों के कामकाज के बारे में कहा कि यह तीन वर्ष का कालखंड देश के लोकतांत्रिक इतिहास में परिवर्तनकारी कालखंड के रूप में जाना जाएगा. यूपीए के 10 साल के शासन काल के बाद जब नरेंद्र मोदी सरकार बनी तब देश का विकास दर लगभग 4.4 प्रतिशत के आसपास था. इन तीन सालों में विकास दर को सात प्रतिशत से पार कराने में सफल हुए हैं. भारत दुनिया में सबसे तेज बढ़ती हुई अर्थव्यस्था वाला देश बन रहा है.
2014 के चुनावों के बाद हर चुनाव में बीजेपी की स्थिति बेहतर हुई शाह ने कहा कि वर्ष 2014 के चुनाव के बाद जो भी चुनाव हुए है सब चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी स्थिति को और भी बेहतर बनाया है. ज्यादातर जगहों पर भारतीय जनता पार्टी चुनाव जीती है. उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में पार्टी तीन चौथाई बहुमत से जीती है. उत्तराखंड, मणीपुर और असम समेत अन्य राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है. बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार राजनीति में बड़ा परिवर्तन लाने में सफल रही है. उत्तर प्रदेश के चुनाव ने सिद्ध कर दिया है कि देश में अब परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति नहीं चलेगी. इस देश में अब पॉलिटिक्स ऑफ परफारमेंस का नया युग शुरू हुआ है. जो विकास करेगा, जो परफॉर्म करेगा उसको ही इस देश की जनता बार बार चुनाव जिताएगी.
छत्तीसगढ़ में 13 सालों में लगातार विकास हुआ है शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में इन 13 सालों में लगातार विकास हुआ है. छत्तीसगढ़ सरकार ने 13 सालों में जो काम किया है और जनता में जो प्रतिसाद है इससे इस नतीजे पर पहुंचे हैं कि अगले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी चौथी बार सरकार बनाएगी. पार्टी 65 सीटों को लक्ष्य रखकर मजबूती से चुनाव के मैदान में उतरेगी. राष्ट्रपति उम्मीदवार के सवाल पर शाह ने कहा कि इस मामले में अभी कोई भी निर्णय नहीं लिया गया है.






















