जम्मू कश्मीर: सेना के शीर्ष कमांडर ने घाटी में हालात का लिया जायजा
लेफ्टिनेंट जनरल ने उत्तर और मध्य कश्मीर के अंदरूनी इलाकों में तैनात जवानों से मुलाकात की और वहां मौजूद कमांडरों ने उन्हें वर्तमान स्थिति के बारे में अवगत कराया.

श्रीनगर: सेना की उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ (जीओसी-इन-सी) लेफ्टिनेंट जनरल रणबीर सिंह ने रविवार को कश्मीर घाटी का दौरा किया. श्रीनगर स्थित सेना के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया, "हाल में कई आतंकवादियों को मार गिराने में सफल रहे आतंकवाद रोधी अभियानों के मद्देनजर मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए उत्तरी सेना के कमांडर रविवार कश्मीर घाटी पहुंचे."
प्रवक्ता ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल सिंह ने घाटी के अंदरूनी इलाकों में बल की परिचालनगत तैयारी की समीक्षा की. उन्होंने आगे बताया कि सिंह के साथ चिनार कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल ए. के. भट्ट भी थे. उन्होंने उत्तर और मध्य कश्मीर के अंदरूनी इलाकों में तैनात जवानों से मुलाकात की और वहां मौजूद कमांडरों ने उन्हें वर्तमान स्थिति के बारे में अवगत कराया.

प्रवक्ता ने कहा कि सेना के उत्तरी कमान के जीओसी-इन-सी ने घाटी में बल की परिचालनगत तैयारियों की समीक्षा की. सेना के कमांडर ने हालिया सफलताओं के लिए सैनिकों की तारीफ की और कर्तव्य के प्रति उनके समर्पण और पेशेवर रुख के लिये उनकी प्रशंसा भी की.
कालिया ने कहा कि नागरिकों को कम से कम क्षति पहुंचे, इसके लिए सैन्य इकाइयों और संरचनाओं के जरिए अपनाए गये संचालन प्रक्रियाओं के तरीकों और मानकों की उन्होंने तारीफ की.
कर्नल राजेश ने बताया कि बल के सभी रैंकों की, उनके समर्पण, नि:स्वार्थ सेवा और उच्च मनोबल के लिए सैन्य कमांडर की सराहना की और शुभकामनाएं दी.
























