दूध नहीं पिया तो 3 साल की बेटी को घर से बाहर खड़ा किया, हो गई लापता
मैथ्युज का दावा है कि वह तीन बजकर 15 मिनट पर बच्ची को देखने बाहर गए थे लेकिन वह वहां नहीं थी.

ह्यूस्टन: अमेरिका में एक पिता ने अपनी तीन साल की बच्ची को दूध नहीं पीने की वजह से देर रात घर से बाहर खड़ा कर दिया था. इसके बाद बच्ची लापता हो गई थी. घटना के 10 दिन बीतने के बाद भी बच्ची का कोई सुराग पुलिस को नहीं मिला है लेकिन पुलिस को अभी भी बच्ची के मिलने की उम्मीद है. बताया जा रहा है कि लड़की के पिता भारतीय मूल के हैं.
शेरिन मैथ्युज (तीन वर्ष) नाम की बच्ची सात अक्तूबर से लापता है. उसके दत्तक पिता वेस्ले मैथ्युज ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने अपनी बेटी को दूध नहीं पीने की वजह से देर रात तीन बजे सजा के तौर पर घर के बाहर खड़ा कर दिया था.
मैथ्युज का दावा है कि वह तीन बजकर 15 मिनट पर बच्ची को देखने बाहर गए थे लेकिन वह वहां नहीं थी. उन्होंने पुलिस को बताया कि उन्होंने जहां बच्ची को छोड़ा था, वहां छोटे भेड़िए अक्सर आते रहते हैं.
पुलिस ने बयान में कहा है, ' हम 10 दिन पहले गायब हुई बच्ची के संबंध में जांच जारी रख रहे हैं. पुलिसकर्मी वीडियो फुटेज पर काम कर रहे हैं.' पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अगर किसी भी व्यक्ति के पास इस के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो वह पुलिस से संपर्क करें.
Source: IOCL



























