किसान रैली के दौरान मंच टूटा, बाल-बाल बचे ज्योतिरादित्य सिंधिया

श्योपुर: जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर बीरपुर गांव में आज कांग्रेस की किसान रैली के दौरान मंच टूटने से लोकसभा में पार्टी के सचेतक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया बाल—बाल बच गये.
जिला पुलिस अधीक्षक साकेत पाण्डे ने भाषा को बताया कि किसान रैली के दौरान बीरपुर में भाषण के लिये सिंधिया के मंच पर जाने से पहले ही अधिक भीड़ होने के कारण मंच टूट गया. उन्होंने कहा कि घटना में किसी को कोई चोट नहीं आयी है.
कांग्रेस के एक नेता ने कहा कि सभा मंच लगभग दोपहर 3 बजे के आसपास टूटा. इससे प्रभावित हुये बिना सिंधिया ने किसान रैली को सम्बोधित किया और किसानों की दुर्दशा के लिये प्रदेश की सत्तारूढ़ भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए उस पर जमकर बरसे.
सिंधिया लगातार प्रदेश में दौरा कर किसानों के सम्मेलन कर रहे हैं ताकि अगले साल 2018 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को प्रदेश की सत्ता से बेदखल किया जा सके.
Source: IOCL
























