20:80 गोल्ड इंपोर्ट स्कीम योजना को लेकर CBI ने RBI के चार अधिकारियों से की पूछताछ
सीबीआई 13,000 करोड़ रुपये के पंजाब नेशनल बैंक घोटाले की जांच कर रही है. इस घोटाले का सूत्रधार हीरा कारोबारी नीरव मोदी और उसका मामा गीतांजलि जेम्स का मेहुल चौकसी है.

नई दिल्ली: सीबीआई ने 2014 में गोल्ड इंपोर्ट स्कीम में ढील के मामले में रिजर्व बैंक के चार वरिष्ठ अधिकारियों से आज पूछताछ की. उस समय यूपीए सरकार सत्ता में थी और पी चिदंबरम वित्त मंत्री थे. कहा जा रहा है कि निजी व्यापारियों को लाभ पहुंचाने के लिए इन नियमों में ढील दी गई थी.
सीबीआई 13,000 करोड़ रुपये के पंजाब नेशनल बैंक घोटाले की जांच कर रही है. इस घोटाले का सूत्रधार हीरा कारोबारी नीरव मोदी और उसका मामा गीतांजलि जेम्स का मेहुल चौकसी है. अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने आज रिजर्व बैंक के तीन मुख्य महाप्रबंधकों और एक महाप्रबंधक से पूछताछ की.
चारों अधिकारियों से यूपीए सरकार की 20:80 गोल्ड इंपोर्ट स्कीम के बारे में पूछताछ की. इस योजना को चिदंबरम ने आम चुनावों के लिए वोटों की गिनती से तीन दिन पहले 13 मई, 2014 को मंजूरी दी थी. इसके बाद बीजेपी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार सत्ता में आई थी.
एनडीए सरकार ने घोषणा की थी कि वह सोना आयात नियमों में ढील देने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी. उसके चार सप्ताह बाद सीबीआई ने इस मामले में जांच शुरू की है. एक बयान में सरकार ने कहा है कि यूपीए सरकार की 20:80 स्कीम की वजह से 13 ट्रेडिंग कंपनियों को छह महीने में 4,500 करोड़ रुपये का अप्रत्याशित लाभ हुआ.
बीजेपी ने पिछले महीने आरोप लगाया था कि चिदंबरम ने 20:80 गोल्ड इंपोर्ट स्कीम के जरिये नीरव मोदी और मेहूल चोकसी का फायदा पहुंचाया था.
Source: IOCL
























