BSP प्रत्याशी ने ली BJP की सदस्यता ! | Hindi News
विधानसभा चुनाव में जिले की सभी सीटों पर हार का सामना करने के बाद भारतीय जनता पार्टी विधान परिषद चुनाव में जीत हासिल करने के लिए युद्ध स्तर पर गई है। आजमगढ़ मऊ सीट से पार्टी के घोषित प्रत्याशी पूर्व विधायक अरुण कांत यादव की जीत के लिए आज बीजेपी के जिला कार्यालय पर आजमगढ और लालगंज के पदाधिकारियों की बैठक हुई। इस दौरान बहुजन समाज पार्टी को झटका देते हुए भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में गोपालपुर विधानसभा से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी रहे रमेश यादव को पार्टी में शामिल कराया। रमेश यादव वर्तमान में बिलरियागंज के ब्लाक प्रमुख हैं। उन्होंने अपने 200 प्रधान व बीडीसी समर्थकों के साथ बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि कामेश्वर सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल नहीं कर सकी थी लेकिन एमएलसी चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी अरुण कांत यादव की जीत सुनिश्चित है।






























