हर साल इतने मोबाइल और टैब हो रहे खराब, लगातार आ रहीं शिकायतें
क्या आपका महंगा फोन या फिर टैबलेट भी अचानक दिक्कत देने लगा है? देशभर में हजारों यूजर्स के साथ आ रही है यही परेशानी. जान लें हर साल कितने फोन हो रहे हैं खराब? कैसे आप कर सकते हैं शिकायत.

- मोबाइल-टैबलेट खराब होने की शिकायतें लगातार हजारों में बढ़ रही हैं।
- 2025 में सॉफ्टवेयर अपडेट और स्क्रीन की शिकायतें सर्वाधिक दर्ज हुईं।
- उपभोक्ता नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
नया मोबाइल या टैबलेट खरीदते समय उसमें सब चीजें अच्छे से चेक की जाती है. लेकिन कई बार फोन और टैबलेट में कुछ ही समय में अगर दिक्कत आने लगे तो परेशानी होती है. और पिछले कुछ समय में देखा जाए तो लोगों को फोन खराब होने की परेशानी से काफी जूझना पड़ा है. आंकड़ों के लिहाज से देखें तो पिछले कुछ सालों में मोबाइल फोन और टैबलेट खराब होने की संख्या काफी बढ़ चुकी है.
नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन पर मोबाइल और टैबलेट कैटेगरी में साल 2024-25 के दौरान 22864 शिकायतें दर्ज हुई थीं. जिनमें रिपेयर और खरीदारी के बाद मिलने वाली सर्विस से जुड़ी परेशानियां भी शामिल हैं. चलिए आपको बताते हैं कि क्या रहे हैं पिछले कुछ सालों के आंकड़े.
पिछले कुछ सालों में इतने मोबाइल और टैब हुए खराब
फोन और टैबलेट खराब होने को लेकर उपभोक्ता मामले विभाग की 3 मई 2025 की रिपोर्ट के मुताबिक मोबाइल और टैबलेट कैटेगरी में 2022-23 के दौरान 19057 शिकायतें मिली थीं. अगले वित्त वर्ष यानी 2023-24 में यह संख्या बढ़कर 21020 हुई और 2024-25 में 22,864 तक पहुंच गई. यानी दो साल में 3807 शिकायतें बढ़ीं जो करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी है. विभाग ने इन आंकड़ों के साथ रिपेयर की सुविधा बेहतर बनाने और सर्विस से जुड़ी जानकारी ज्यादा साफ तरीके से उपलब्ध कराने की जरूरत बताई थी.

स्क्रीन की शिकायतों में अपडेट के बाद परेशानी आई
18 मार्च 2026 को लोकसभा में दिए सरकारी जवाब के मुताबिक मोबाइल फोन खराब होने की कुल शिकायतों में साल 2024 csx मोबाइल स्क्रीन से जुड़ी शिकायतों का नंबर 7591 था. जो 2025 में बढ़कर 8672 हो गया था. यह करीब 14.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी है. 2025 की रिपोर्ट में सबसे ज्यादा 3261 शिकायतें कंपनी के सॉफ्टवेयर अपडेट के बाद डिवाइस में दिक्कत आने की कैटेगरी में दर्ज थीं.
इसी साल रिपेयर में देरी की 1383 और वारंटी के दौरान पैसे मांगने या रिपेयर नहीं करने की 1222 शिकायतें मिलीं. रिपेयर के बाद भी वही समस्या बने रहने के 461 मामले दर्ज हुए. आपको बता दें यह वह आंकड़े हैं जो सरकारी सिस्टम में दर्ज है इसमें कुछ मामले ऐसे भी हो सकते हैं जो दर्ज नहीं हुए है.
यह भी पढ़ें: गैजेट्स के बाद अब गरमा-गरम खाना भी डिलीवर करेगा Flipkart
फोन खराब हो जाए तो शिकायत कैसे करें?
अगर आपने कोई फोन खरीदा है. और उसमें कोई दिक्कत आ रही है जैसे आपको स्क्रीन पर कोई लाइन नजर आ रही है या कोई और डॉट नजर आ रहा है. या फिर फोन की डिस्प्ले बार-बार बंद हो रही है तो ऐसे सिचुएशन में पहले आप उसे चीज की फोटो और वीडियो बना लें. और इसके बाद जिस कंपनी का फोन या टैबलेट है उसके सर्विस सेंटर पर जाएं और उन्हें पूरी दिक्कत के बारे में बताएं. अगर फोन में आई खराबी में आप किसी तरह से जिम्मेदार नहीं है. लेकिन बावजूद इसके कंपनी की ओर से आपको सहयोग नहीं मिल रहा और आपकी दिक्कत दूर नहीं की जा रही.

तो ऐसे में आप नेशनल कंज्यूमर फार्म पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं. इसके लिए आप नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन के नंबर 1915 या उसके वेब पोर्टल के जरिए शिकायत दर्ज करवा सकते है. सरकार के मुताबिक WhatsApp नंबर 8800001915 पर भी यह सुविधा उपलब्ध है. शिकायत में मॉडल, खरीद की तारीख, समस्या और कंपनी से हुई बातचीत साफ लिखें. तो साथ में यह भी बताएं कि आप रिपेयर,रिप्लेसमेंट या रिफंड में से क्या समाधान चाहते हैं.
यह भी पढ़ें: Google पर कस्टमर केयर नंबर सर्च करना पड़ सकता है भारी, रिफंड के नाम पर हो रही ठगी






















