Infinix GT 50 Pro में कंट्रोलर और कूलिंग एक्सेसरी, गेमिंग होगी और खास?
गेमिंग के शौकीनों के लिए Infinix GT 50 Pro के साथ GT NX Controller, GT NX Station और GT MagCharge Cooler 2.0 जैसी खास एक्सेसरीज मिलेंगी. जानें इसकी गेमिंग एक्सेसरीज और फीचर्स की पूरी डिटेल

- MagCharge कूलर फोन को ठंडा रखेगा, चार्ज करेगा.
Infinix अपने नए गेमिंग स्मार्टफोन GT 50 Pro के साथ कुछ खास एक्सेसरीज पेश करने जा रही है. कंपनी इस फोन को भारत में 27 अक्टूबर को लॉन्च करेगी. इसके साथ GT NX Controller, GT NX Station और GT MagCharge Cooler 2.0 मिलेंगे. इन एक्सेसरीज की मदद से फोन पर गेम खेलने के तरीके को बदलने, बड़ी स्क्रीन पर गेम चलाने और गेमिंग के दौरान डिवाइस को ठंडा रखने की सुविधा मिलेगी.
Infinix GT 50 Pro के फीचर्स
फोन में 6.78 इंच की 1.5K AMOLED स्क्रीन मिलेगी, जो 144Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करेगी. इसमें MediaTek Dimensity 8400 Ultimate चिपसेट के साथ LPDDR5X RAM और UFS 4.1 स्टोरेज दिया जाएगा. कंपनी के मुताबिक, फोन पर सपोर्टेड गेम्स 144fps तक चल सकेंगे. इसमें GT Trigger 2.0 शोल्डर बटन और HydroFlow लिक्विड कूलिंग सिस्टम भी मिलेगा. पावर के लिए फोन में 6,500mAh की बैटरी दी जाएगी, जो 45W वायर्ड और 30W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट करेगी. इसका डिजाइन CyberMecha थीम पर आधारित होगा, जिसमें डायनामिक RGB लाइटिंग भी मिलेगी.
Infinix GT NX Controller से मिलेगा गेमिंग कंट्रोल
Infinix GT 50 Pro के साथ मिलने वाला GT NX Controller गेम खेलने के लिए बनाया गया है. इसे फोन के दोनों किनारों पर लगाकर इस्तेमाल किया जा सकेगा. इसमें एर्गोनॉमिक ग्रिप दी गई है, जिससे फोन पकड़कर गेम खेलना आसान हो सकता है. इसके अलावा, इसमें Hall-effect कंट्रोल और अपनी जरूरत के हिसाब से इनपुट सेट करने का ऑप्शन मिलेगा. इस कंट्रोलर की खास बात यह है कि इसे दो अलग-अलग हैंडल में भी बांटा जा सकता है. ये दोनों हैंडल ब्लूटूथ के जरिए स्मार्टफोन से कनेक्ट होंगे. इससे उन गेम्स में दो लोग एक साथ खेल सकेंगे, जो इस तरह के कंट्रोल को सपोर्ट करते हैं.
यह भी पढ़ें - 6330mAh बैटरी वाला POCO X8s लॉन्च, जानें कैमरे और परफॉर्मेंस की डिटेल
GT NX Station से टीवी पर खेल सकेंगे गेम
जो लोग मोबाइल की छोटी स्क्रीन की जगह टीवी या मॉनिटर पर गेम खेलना चाहते हैं, उनके लिए GT NX Station दिया जाएगा. इसके जरिए Infinix GT 50 Pro को कंपैटिबल टीवी या मॉनिटर से जोड़ा जा सकेगा. यह 4K रेजोल्यूशन और 60Hz रिफ्रेश रेट तक आउटपुट सपोर्ट करेगा, बशर्ते कनेक्टेड डिस्प्ले में भी इसका सपोर्ट हो. इस स्टेशन में नौ तरह के कनेक्टिविटी ऑप्शन मिलेंगे. इनमें HDMI, USB पोर्ट, वायर्ड ईथरनेट, स्टोरेज बढ़ाने और ऑडियो कनेक्ट करने के ऑप्शन शामिल हैं.
MagCharge Cooler 2.0 करेगा फोन को ठंडा
गेमिंग के दौरान फोन की हीटिंग को संभालने के लिए कंपनी GT MagCharge Cooler 2.0 भी देगी. इसे फोन के पिछले हिस्से पर मैग्नेट की मदद से लगाया जा सकेगा. इसमें 12W थर्मोइलेक्ट्रिक कूलिंग और 15W वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट मिलेगा. साथ ही वायरलेस बायपास चार्जिंग फीचर भी दिया जाएगा, जो लंबे गेमिंग सेशन के दौरान गर्मी और बैटरी पर पड़ने वाले दबाव को मैनेज करने में मदद कर सकता है. इसमें RGB लाइटिंग भी मिलेगी.
यह भी पढ़ें - भारत में आया स्टारलिंक तो कैसे होगा सुरक्षा को खतरा? यूक्रेन से समझिए






















