शिवा हत्याकांड: 'मैं बेगुनाह हूं', गिरफ्तारी के बाद पुलिस से बोली आरोपी श्रद्धा दुबे
लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने आरोपी श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि समेत ड्राइवर दानिश को गिरफ्तार किया. गिरफ्तारी के बाद श्रद्धा ने पुलिस के सामने खुद को बेगुनाह बताया है.

लखनऊ में हुए कारोबारी शिवा हत्याकांड की आरोपी श्रद्धा, रश्मि और ड्राइवर दानिश को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है. लखनऊ और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने जब श्रद्धा को पकड़ने के लिए नागपुर के फ्लैट पर छापा मारा तो वह पुलिस को देखकर घबरा गई. पुलिस को देखते ही वह कहने लगी कि 'मैं बेगुनाह हूं.'
पुलिस के सूत्रों ने बताया कि श्रद्धा की लोकेशन 19 अक्टूबर की दोपहर ही लग गई थी. जिसके टीम को नागपुर के लिए रवाना किया गया. इसके बाद लखनऊ पुलिस की टीम ने नागपुर की पुलिस से संपर्क किया. मामले की जानकारी देने के साथ ही लोकेशन भी शेयर की.
लखनऊ पुलिस ने दी यह जानकारी
लखनऊ पुलिस द्वारा इस मामले में गिरफ्तारी के बाद प्रेस रिलीज जारी की गई. पुलिस के मुताबिक थाना हजरतगंज पर 09.10.2026 को रंजना शर्मा की लिखित तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 216/2026, धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया था.
उक्त प्रकरण में फरार चल रहे अभियुक्तों श्रद्धा दुबे, चालक दानिश एवं रश्मि दुबे पर 50,000-50,000 का इनाम घोषित किया गया था. मंगलवार (20 अक्टूबर) को लखनऊ पुलिस एवं यूपी एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा नागपुर पुलिस के सहयोग से उपरोक्त तीनों इनामी अभियुक्तों को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है.
प्रेस रिलीज में यह भी बताया गया है कि गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर लखनऊ लाया जा रहा है. प्रकरण में अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है.
11 दिन से पुलिस को चकमा दे रहे थे आरोपी
बता दें कि घटना के 11 दिन बाद पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है. खबर थी कि श्रद्धा नेपाल में छिपी हुई थी. वहीं आगरा से वे नागपुर पहुंची थी, जहां उनके रुकने के लिए फ्लैट की व्यवस्था की गई थी. साथ ही यह भी जानकारी सामने आई है कि श्रद्धा एंटीसिपेटरी बेल लेने की फिराक में थी. शिवा शर्मा के परिजन लगातार आरोपियों की गिरफ्तार की मांग पर अड़े हुए थे. आखिरकार 11 दिन बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
शिवा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे गिरफ्तार, UP पुलिस ने नागपुर से पकड़ा






















