बाराबंकी: ग्रामीणों को वैक्सीन लगा रहा था झोलाछाप डॉक्टर, दो आरोपी गिरफ्तार
बाराबंकी में पुलिस ने ग्रामीणों को वैक्सीन लगा रहे झोलाछाप डॉक्टर और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है. मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं.

Barabanki News: यूपी के बाराबंकी जिले में एक झोलाछाप डॉक्टर अपने क्लीनिक पर ग्रामीणों को कोरोना वैक्सीन लगाते हुए पकड़ा गया है. पुलिस ने डॉक्टर और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है. झोलाछाप डॉक्टर अपने क्लीनिक पर ग्रामीणों को कोरोना की वैक्सीन लगा रहा था. पुलिस अब ये पता लगाने में जुटी है कि डॉक्टर के पास वैक्सीन कहां से आई.
ये जैदपुर कोतवाली इलाके के गोछौरा गांव का है. जानकारी मिली थी कि झोलाछाप डॉक्टर अपने अवैध रूप से संचालित क्लीनिक पर ग्रामीणों को कोरोना वैक्सीन लगा रहा है. जानकारी मिलने पर सीएचसी सतरिख के चिकित्सा अधीक्षक सुनील जायसवाल ने क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ छापा मारा. इस दौरान सरकारी कोवीशील्ड कोरोना वैक्सीन की एक खाली वॉयल और दो बिना इस्तेमाल की हुई सीरिंज भी बरामद की.
दो आरोपी गिरफ्तार
चिकित्सा अधीक्षक की सूचना पर पहुंची जैदपुर कोतवाली पुलिस ने क्लीनिक पर बैठे झोलाछाप डॉक्टर बृजेन्द्र व उसके सहयोगी संदीप को गिरफ्तार कर लिया.
उच्चस्तरीय जांच के आदेश
वहीं, सूचना पाकर मौके पर पहुंचे सीएमओ डॉ रामजी वर्मा के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी झोलाछाप डॉक्टर व उसके सहयोगी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया. सीएमओ डॉ रामजी वर्मा ने मामले को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं.
ये भी पढ़ें:
तालिबान का समर्थन करने वाले मुस्लिम धर्मगुरुओं पर दर्ज हो केस, जेल में डाले सरकार- महंत नरेंद्र गिरि
जम्मू-कश्मीर: आतंकियों से मुठभेड़ में शहीद हुआ मेरठ का लाल, 6 महीने बाद था रिटायरमेंट
Source: IOCL
























