बंदूक की नोंक पर घर में नकाबपोश बदमाश, लूट की वारदात को अंजाम देकर हुए फरार
चार नकाबपोश बदमाशों ने कुसुम अग्रवाल से पीने के लिए पानी मांगा। जैसे ही वह पानी लेने अंदर गईं। चारों बदमाश पीछे से घर में घुस गए। एक बदमाश ने कुसुम व चंद्रगुप्त को गन प्वाइंट पर ले लिया।

गाजियाबाद, एबीपी गंगा। डीएलएफ कॉलोनी में दिनदहाड़े चार नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर हथियारों के बल पर दंपती से गहने लूट लिए। जांच के बाद पुलिस ने रविवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली है। डीएलएफ कॉलोनी में चंद्रगुप्त अग्रवाल पत्नी कुसुम अग्रवाल के साथ रहते हैं। तबीयत ठीक न रहने के कारण वह घर पर ही रहते हैं।
शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे चार नकाबपोश बदमाशों ने कुसुम अग्रवाल से पीने के लिए पानी मांगा। जैसे ही वह पानी लेने अंदर गईं। चारों बदमाश पीछे से घर में घुस गए। एक बदमाश ने कुसुम व चंद्रगुप्त को गन प्वाइंट पर ले लिया। उसके तीन साथियों ने आलमारी का ताला तोड़कर हार, अंगूठी और अन्य गहने लूट लिए।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश उन्हें धक्का देकर फरार हो गए। बदमाश घर में रखे मोबाइल भी साथ ले गए। पीड़िता ने पड़ोसियों की मदद से पुलिस को घटना की सूचना दी। साहिबाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आसपास की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर बदमाशों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL



























