अमृतसर: घर लौट रहे ASI सुखचैन सिंह पर फायरिंग, 3 बाइक सवारों ने चलाई गोली
अमृतसर जिले के अजनाला के जगदेव खुर्द गांव के पास ड्यूटी से घर लौट रहे ASI सुखचैन सिंह पर तीन अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने गोली चला दी. ASI को अजनाला के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

अमृतसर जिले के अजनाला के जगदेव खुर्द गांव के पास ड्यूटी से घर लौट रहे अमृतसर GRP रेलवे में तैनात ASI सुखचैन सिंह पर अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने गोली चला दी. अमृतसर से अपने घर लौटते समय गांव जगदेव खुर्द के पास मोटरसाइकिल सवार अज्ञात लोगों ने ASI सुखचैन सिंह को निशाना बनाकर फायरिंग की.
इस दौरान एक गोली उनके हाथ में लगी, जिसके बाद उन्हें अजनाला के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया. गौरतलब है कि ASI सुखचैन सिंह सिविल कपड़ों में ही ड्यूटी से अपने घर जा रहे थे, तभी उन पर यह हमला हुआ. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
गांव से कुछ दूरी पहले तीन बाइक सवार ने चलाई गोली
जख्मी हुए ASI सुखचैन सिंह ने बताया कि वह ड्यूटी से अपने घर गांव जगदेव खुर्द जा रहे थे. गांव से कुछ दूरी पहले तीन बाइक सवार युवकों ने उन पर गोली चलाई. इसके बाद उन्होंने अपनी बाइक तेज गति से अपने घर की तरफ भगाई और वहां से बचकर निकल गए. सुखचैन सिंह ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं है. हालांकि, उनके भाई का कत्ल हुआ था, जिसमें सभी गवाही दी जा चुकी है. उन्होंने कहा कि वह यह नहीं कह सकते कि किसने उन पर हमला किया है.
पंजाब सरकार के OSD पर भ्रष्टाचार का मामला, CBI करेगी जांच, HC का बड़ा फैसला
ASI के बाजू को छूकर निकली गोली, हालत ठीक
वहीं, डीएसपी अजनाला ने बताया कि रात को उन्हें पता चला कि ASI सुखचैन सिंह पर फायरिंग हुई है. इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अजनाला के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया. उच्च अधिकारी भी सुखचैन सिंह से मिलने पहुंचे हैं. डीएसपी ने बताया कि गोली उनकी बाजू को छूकर निकल गई है और सुखचैन सिंह की हालत ठीक है. उन्होंने बताया कि सुखचैन सिंह सिविल कपड़ों में ही घर जा रहे थे. पुलिस घटना की हर एंगल से जांच कर रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पंजाब में आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़, AK-47 और हैंड ग्रेनेड बरामद





















