2019 में लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगी उमा भारती, जन्मदिन पर की घोषणा
उमा भारती ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चाहे कितनी भी मेहनत क्यों न कर लें, लेकिन उनकी पार्टी अगले तीस-चालीस सालों तक सत्ता में नहीं आने वाली है.

इलाहाबाद : केंद्रीय मंत्री उमा भारती बृहस्पतिवार को साठ बरस की हो गईं. अपना जन्मदिन उन्होंने गंगा-यमुना और अदृश्य सरस्वती के त्रिवेणी संगम के शहर इलाहाबाद में ख़ास आध्यात्मिक अंदाज़ में मनाया. दिन भर उन्होंने इलाहाबाद के अलग-अलग मंदिरों में जाकर माथा टेका तो शाम को फूलों की बारिश के बीच पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों के बीच जन्मदिन की खुशियां मनाई. नेहरू गांधी परिवार के पैतृक शहर इलाहाबाद में अपना जन्म दिन मनाते वक्त मंत्री उमा भारती ने कांग्रेस पार्टी पर जमकर सियासी हमला बोला.

पार्टियों का विरोध पीएम मोदी को कर रहा है मजबूत इस दौरान उन्होंने सियासी तीर चलाते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी चाहे कितनी भी मेहनत क्यों न कर लें, लेकिन उनकी पार्टी अगले तीस - चालीस सालों तक सत्ता में नहीं आने वाली है. उमा भारती के मुताबिक़ अगर कांग्रेस तीस-चालीस साल बाद भी सत्ता में वापसी का ख्वाब देख रही है तो उसके लिए भी उसे अभी से कड़ी मेहनत करनी होगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस संसद में गतिरोध पैदा कर जो लड़ाई लड़ना चाह रही है, वह उसे सड़क पर लड़नी चाहिए. उमा भारती का मानना है कि कांग्रेस समेत सभी विपक्षी पार्टियां एकजुट होकर जिस तरह से पीएम मोदी का विरोध कर रही हैं, उससे वह दिनों दिन और मजबूत होते जा रहे हैं.

उमा भारती ने कहा- वो अगले दो तीन सालों तक कोई चुनाव नहीं लड़ेंगी अपना जन्मदिन मनाने के लिए उमा भारती एक दिन पहले ही इलाहाबाद आ गईं थी. यहां उन्होंने दिन में कई मंदिरों में जाकर माथा टेका और पूजा अर्चना की. शंकराचार्य आश्रम में हुए जन्मदिन समारोह में उन पर देर तक फूलों की बारिश की गई. इस दौरान वह काफी भावुक हो गईं थीं. उन्होंने कहा कि वह भावनाओं के आधार पर यहां अपना जन्मदिन मनाने आई हैं उमा भारती ने यहां मीडिया से बात करते हुए फिर दोहराया कि अगले दो तीन सालों तक कोई चुनाव नहीं लड़ेंगी. उन्होंने यह भी दोहराया कि वह अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में भी उम्मीदवार नहीं होंगी, लेकिन वह राजनीति में सक्रिय रहेंगी और संगठन के लिए काम करती रहेंगी.
Source: IOCL






















