इलाहाबाद: कुंभ मेले की विशेष सुरक्षा जांच करेगी सीआईएसएफ
बता दें कि मेला अगले वर्ष 15 जनवरी से शुरू होगा और 49 दिन तक चलेगा.सीआईएसएफ के पास अपनी तरह की एक सुरक्षा सलाहकार इकाई है जो संगठनों और बड़े उपक्रमों को सुरक्षा, अग्नि और आपदा खतरों के खिलाफ पेशेवर तैयारियों पर सलाह देती है.

लखनऊ : केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) अगले वर्ष उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में आयोजित हो रहे कुंभ मेले के लिए विस्तृत सुरक्षा एवं अग्नि रोधी सुरक्षा जांच करेगा. अधिकारियों ने रविवार को कहा कि केन्द्रीय अर्द्धसैनिक बल के विशेषज्ञों की एक विशेष टीम जल्द ही गंगा और यमुना के संगम के किनारे स्थित मेला क्षेत्र का सर्वेक्षण और जांच करेगी.
इसके बाद, वे उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रशासन को एक रिपोर्ट सौंपेगे जो इस कार्यक्रम के सुरक्षा प्रबंधों का प्रभारी है.
सीआईएसएफ के पास अपनी तरह की एक सुरक्षा सलाहकार इकाई है जो संगठनों और बड़े उपक्रमों को सुरक्षा, अग्नि और आपदा खतरों के खिलाफ पेशेवर तैयारियों पर सलाह देती है.
उन्होंने कहा कि टीम कुंभ के अधिकारियों को बताएगी कि स्मार्ट गैजेट और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती कैसे करनी है. उन्होंने कहा कि टीम उप्र अधिकारियों को यह भी बताएगी कि सीसीटीवी कैमरे कहां लगाए जाएं. मेला अगले वर्ष 15 जनवरी से शुरू होगा और 49 दिन तक चलेगा.
Source: IOCL



























