नोएडा: लिव-इन में रहता था जोड़ा, प्रेमिका ने शादी का दबाव बनाया तो प्रेमी ने घोंट दिया गला
थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान पुलिस को सुजाता के प्रेमी भारत पर संदेह हुआ और उसे सोमवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया.

नोएडा: शादी करने के लिए दबाव बनाने पर एक युवक ने अपनी प्रेमिका की कथित रूप से हत्या कर दी और शव को सेक्टर 100 के पास फेंक दिया.
थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार की शाम को सेक्टर 100 के पास एक अज्ञात युवती का शव पुलिस को मिला था. बाद में उसकी शिनाख्त कुमारी सुजाता (30) के रूप में हुई.
उन्होंने बताया कि रविवार की शाम आयी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. सिंह ने बताया कि जांच के दौरान सुजाता के प्रेमी भारत पर संदेह हुआ. उसे सोमवार सुबह गिरफ्तार किया गया.
पूछताछ में भारत ने बताया कि वह सुजाता के साथ लिव-इन में रह रहा था. इसी बीच भारत के परिजनों ने उसकी शादी किसी दूसरी लड़की से तय कर दी. सुजाता भारत पर शादी करने का दबाव बना रही थी. ऐसे में उसने सुजाता से छुटकारा पाने के लिए उसकी गला दबाकर हत्या कर दी.
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आज दोपहर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
Source: IOCL
























