शाहरुख खान की 'चक दे! इंडिया' की रिलीज को पूरे हुए 12 साल, कलाकार हुए भावुक
शाहरुख खान की फिल्म 'चक दे इंडिया' को 12 साल पूरे हो गए हैं. ऐसे में फिल्म की अभिनेत्रियों ने इस फिल्म की शूटिंग के दौरान की यादों को याद किया.

बॉलीवुड फिल्म 'चक दे! इंडिया' को रिलीज हुए कल 12 साल पूरे हो गए, ऐसे में विद्या मालवदे, चित्राशी रावत और सागरिका घटगे जैसी अभिनेत्रियों ने इस फिल्म की शूटिंग के दौरान की यादों को याद किया. 'चक दे! इंडिया' ही वह फिल्म है जिसकी वजह से इन अभिनेत्रियों को दर्शकों के बीच एक खास पहचान मिली.
फिल्म की कुछ दृश्यों को साझा करते हुए विद्या ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "इस ऐतिहासिक फिल्म के 12 साल, जिसने हमारी जिंदगी बदल दी और मुझे दोस्तों का एक परिवार दिया..आभारी हूं."

शिमित अमीन द्वारा निर्देशित यह फिल्म 10 अगस्त, 2007 को रिलीज हुई थी. फिल्म में इन नए कलाकारों के अलावा सुपरस्टार शाहरुख खान भी थे. उन्होंने महिलाओं की हॉकी टीम के कोच का किरदार निभाया था.

इस फिल्म के सफर को याद करते हुए चित्राशी ने कहा, "हमारी फिल्म ने 12 साल पूरे कर लिए हैं. हमारी फिल्म और मुझे प्यार देने के लिए आप सभी का धन्यवाद."

फिल्म के साथ साथ टाइटल सॉन्ग भी जबरदस्त हिट हुआ. देश में जब भी कोई नेशनल इवेंट होता है इस फिल्म के टाइटल सॉन्ग के बिना अधूरा ही रहता है. वर्ल्ड कप के जश्न से लेकर हर किसी नेशनल इवेंट की धुन बन चुका ये गाना सभी के बीच काफी लोकप्रिय है.

























