Nepal Plane Crash Highlights: नेपाल प्लेन हादसे में मारे गए लोगों की होगी डीएनए सैंपलिंग, 20 शवों की हो चुकी है पहचान
Nepal Aircraft Crash LIVE: एयरपोर्ट ऑथरिटी ने दावा किया है कि विमान हादसा मौसम की खराबी के चलते नहीं बल्कि तकनीकी खराबी के कारण हुआ.

Background
Nepal Aircraft Crash LIVE: नेपाल में रविवार को बड़ा विमान हादसा हो गया. विमान हादसे के बाद प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने कैबिनेट की आपात बैठक बुलाई है. प्रधानमंत्री दहल ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक जताया. प्रधानमंत्री ने गृह मंत्रालय, सुरक्षाकर्मियों और सभी सरकारी एजेंसियों को तत्काल बचाव और राहत अभियान चलाने का निर्देश दिया है.
प्रधानमंत्री दहल काठमांडू हवाईअड्डे के लिए रवाना
हादसे की जानकारी लेने के लिए प्रधानमंत्री दहल काठमांडू हवाईअड्डे के लिए रवाना हो गए हैं. नेपाल के पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर येति एयरलाइंस का ATR-72 प्लेन क्रैश हो गया. हादसे में बड़ी संख्या में लोगों के मारे जाने की खबर है. 72 सीटों वाले इस विमान में लैंडिंग से पहले हवा में ही आग लग गई थी. दुर्घटना स्थल पर राहत-बचाव कार्य जारी है और फिलहाल एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया है.
अबतक 35 शवों को बरामद
नेपाल पुलिस के मुताबिक अबतक 35 शवों को बरामद किया जा चुका है और अभी यह संख्या और बढ़ सकती है. येति एयरलाइंस का विमान नेपाल की राजधानी काठमांडू से पोखरा जा रहा था. पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे से आ रही वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वहां अफरा-तफरी का माहौल है, बचावकर्मी विमान में लगी आग को पानी से बुझाने की कोशिश कर रहे हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, खराब मौसम के बीच पोखरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरने का प्रयास करते समय विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. पोखरा हवाई अड्डे का इलाका पहाड़ियों से घिरा हुआ है. रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि रनवे पर दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण विमान में आग लग गई.
स्थानीय अधिकारी गुरुदत्त ढकाल ने समाचार एजेंसी AFP को बताया कि मलबे में आग लगी हुई थी और बचावकर्मी आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं. गुरुदत्त ढकाल ने कहा, "रेस्क्यू टीम और बचावकर्मी मौके पर मौजूद हैं. सभी एजेंसियां पहले आग बुझाने और यात्रियों को बचाने पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं.
यह भी पढ़ें: Lebanon Crisis: मध्य-पूर्व का 'पेरिस' कहा जाने वाला देश लेबनान आज क्यों बर्बादी की कगार पर है?
विमान हादसे में मारे गए भारतीय नागरिकों के परिजनों के साथ संपर्क में है विदेश मंत्रालय
काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास पोखरा विमान हादसे में मारे गए भारतीय नागरिकों के परिजनों के साथ संपर्क में है. फिलहाल दुर्घटनास्थल से निकाले गए शवों के पहचान की कवायद चल रही है. इसके बाद ही पार्थिव शरीर भेजने के संबंध में आगे की कोई प्रक्रिया तय होगी.
दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने जताया दुख
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि जिन पीड़ितों ने इस हादसे में अपनी जान गंवाई है उन सभी के परिवारों के साथ उनकी संवेदनाएं हैं. ईश्वर उन सब पीड़ित परिवारों को शक्ति और साहस दे.























