मुरादाबाद में पुलिस और एसटीएफ ने मिलकर बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने वाला कुख्यात शार्प शूटर आशु उर्फ मोन्टी मुठभेड़ में मार गिराया है. मोंटी पर हत्या, लूट और गैंगस्टर जैसे करीब तीन दर्जन मुकदमे दर्ज थे और वह 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश भी था.

Continues below advertisement

ये एनकाउंटर मुरादाबाद के सिविल लाइंस इलाके में हुआ. पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं. इसी इनपुट पर स्थानीय पुलिस और एसटीएफ ने मिलकर जॉइंट ऑपरेशन शुरू किया और इलाके में घेराबंदी की गई.

पुलिस एनकाउंटर में कुख्यात बदमाश को लगी गोली

पुलिस टीम जैसे ही बदमाशों के करीब पहुंची, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं. इसी मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश आशु उर्फ मोंटी को गोली लग गई जबकि उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया.

Continues below advertisement

घायल बदमाश को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मुठभेड़ के दौरान एसटीएफ टीम की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं, हालांकि कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ. बताया जा रहा है कि आशु उर्फ मोन्टी हापुड़ के हाफिजपुर इलाके का रहने वाला था और पश्चिमी यूपी का कुख्यात अपराधी था. उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 36 मुकदमे दर्ज थे.

5 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप

दरअसल, 15 मार्च को एक व्यापारी ने शिकायत दी थी कि उससे 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई. इसके तीन दिन बाद बदमाशों ने दबाव बनाने के लिए उसकी फैक्ट्री पर फायरिंग भी की थी. इसी मामले में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी.

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि साल 2010 में वह हत्या के एक मामले में जेल गया था. जेल में रहते हुए उसका संपर्क कुख्यात उधम सिंह गैंग से हुआ और बाहर आने के बाद वह इस गैंग का शार्प शूटर बन गया। जमानत पर बाहर आने के बाद उसने अपराध को ही अपना काम बना लिया और लगातार वारदातों को अंजाम देता रहा.

मौके से पुलिस ने तीन अवैध हथियार बरामद किए हैं, जिनमें 32 बोर की पिस्टल, एक रिवॉल्वर और एक बंदूक शामिल है. साथ ही काफी मात्रा में कारतूस भी बरामद हुए हैं. घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. 

मौके पर एसएसपी सतपाल अंतिल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे, वहीं अस्पताल में भी पुलिस के आला अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है. 

UP Weather: यूपी में छाए बादल, अभी जारी रहेगा आंधी-बारिश का दौर, इस दिन ओलावृष्टि का अलर्ट