पक्षी तो बहुत सुने होंगे और देखे होंगे आपने, हर किसी की अपनी एक अलग खूबी होती है. कोई पक्षी दिखने में बेहद खूबसूरत होता है तो किसी की बोली दिल को सुकून देती है. वहीं बोवर बर्ड एक ऐसा खूबसूरत परिंदा होता है जिसका मिजाज काफी रंगीन माना जाता है और इसके इश्क का अंदाज काफी जुदा होता है. प्यार में डूबे इस पक्षी की खासियत यह है कि यह अपने महबूब की खातिर किसी आर्किटेक्ट की तरह अपने आशियाने को बनाता है. मादा बोवर को रिझाने के लिए यह पक्षी अपने घोंसले को रंगीन और चमकदार चीजों से भी सजाया करता है.
बला की नफासत के साथ आशियाना सजाते हैं
दुनिया भर में बोवर बर्ड की लगभग 20 प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनमें से एक है वोगेलकोप बोवर बर्ड. बोवर बर्ड की यह नस्ल इंडोनेशियाई द्वीप न्यू गिनी के वोगेलकोप क्षेत्र में पाई जाती है. इस परिंदे की सबसे अनोखी और खास बात यह है कि यह किसी वास्तुकार की तरह अपने घोंसले या आशियाने को सजाता और संवारता है. ये पक्षी बला की नफासत के साथ पुआल से अपने घर को बनाते हैं, ये कुछ मोटे तिनकों से एक खंभा बनाते हैं और उस पर कई तिनके रखकर झोपड़े के आकार का घोंसला बना लेते हैं, बाद में बड़ी ही कुशलता के साथ इसे फूल-पत्तियों से सजाते हैं. रिसर्च में पाया गया है कि मादा बोवरबर्ड को नीला रंग काफी भाता है. इस कारण अपने आर्किटेक्चर स्किल्स के लिए मशहूर ये परिंदा अपने घोंसले को सजाने के लिए ज्यादातर नीले रंग की चीजों का इस्तेमाल करता है.
मादा बोवर को आकर्षित करने के लिए सजाते हैं घोंसला
मादा बोवर के प्यार में डूबा पुरुष बोवर उसे अपने घर की तरफ आकर्षित करने के लिए फूलों, कई तरह के सूखे पत्तों, फलों, बीजों और चमकदार कीड़ों को इकट्ठा करता है और अपने आशियाने की डेकोरेशन करता है. यह पक्षी अपने घोंसले को छोटे कोयले के ढेर के सामने बनाता है, इसके अलावा यह कई तरह के रंगों का अपने आशियाने में समावेश करने की कोशिश करता है ताकि मादा बोवर उसके घोंसले की तरफ खिंची चली आए. इतना ही नहीं यह परिंदा इतना समझदार होता है कि अगर इसके घर पर लगी फूल-पत्तियां मुरझा गई हैं तो ये फौरन उन्हें बदल देता है और ताजे-फूल और पत्तियों से घर को फिर से सजा देता है.
घर की सजावट देख खुश होती है मादा बावर
बोवर पक्षी अक्सर दूसरे पक्षियों के घोंसले से चीजें भी चुराता है. इसके अलावा यह पक्षी मानव निर्मित चीजों जैसे प्लास्टिक की बोतल, रंगीन ढक्कन आदि भी इकट्ठा करता है. मादा बोवर अक्सर पुरुष बोवर के घोंसले के सामने बने पेड पर ही बैठती है ताकि वह उसके घर का अच्छी तरह से निरीक्षण कर सके पुरुष बोवर द्वारा की गई घर की बनावट और सजावट देखकर मादा बोवर काफी खुश होती है. यह उसे एहसास कराता है कि ये उसके प्रेमी का आशियाना है.
ये भी पढ़ें
