आज के समय में WhatsApp पर स्कूल, कॉलेज, ऑफिस और अलग-अलग संगठनों से जुड़े कामों के लिए कई ग्रुप बनाए जाते हैं. ऐसे में जब एक ही कम्युनिटी के अंदर कई ग्रुप हों और हर ग्रुप में अलग-अलग सदस्य जुड़े हों, तो सभी की जानकारी एक साथ रखना एडमिन के लिए मुश्किल हो सकता है. इसी परेशानी को कम करने के लिए WhatsApp एक नए फीचर पर काम कर रहा है. इसका नाम Organizations बताया जा रहा है. इसकी मदद से बड़ी कम्युनिटी संभालने वाले एडमिन को सदस्यों और उनसे जुड़े सबग्रुप की जानकारी एक ही जगह पर मिल सकेगी. फिलहाल यह फीचर डेवलपमेंट के शुरुआती चरण में है और इसे लेकर कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक लॉन्च डेट सामने नहीं आई है.

Continues below advertisement

क्या है WhatsApp का Organizations फीचर?

WhatsApp ने साल 2022 में Communities फीचर पेश किया था. इसका मकसद एक ही विषय या संगठन से जुड़े कई ग्रुप को एक साथ जोड़ना था. जैसे किसी स्कूल की अलग-अलग कक्षाओं के ग्रुप या किसी कंपनी की विभिन्न टीमों के ग्रुप को एक कम्युनिटी में रखा जा सकता है. अब Organizations फीचर के जरिए कंपनी कम्युनिटी मैनेज करने के तरीके को और आसान बनाने की तैयारी कर रही है. यह नया फीचर खासतौर पर उन एडमिन के काम आएगा, जिन्हें कई ग्रुप और बड़ी संख्या में सदस्यों को संभालना पड़ता है

Continues below advertisement

एक जगह मिलेगी सदस्यों और सबग्रुप की जानकारी

रिपोर्ट के मुताबिक, WhatsApp के Android बीटा वर्जन 2.26.43.1 में इस फीचर से जुड़े संकेत मिले हैं. रिपोर्ट में इसका एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया गया है. इस फीचर में एडमिन के लिए एक अलग इंटरफेस मिलने की उम्मीद है. यहां संगठन का नाम, उसका डिस्क्रिप्शन और कुल सदस्यों की संख्या दिखाई देगी. इसके अलावा View all  ऑप्शन पर टैप करके एडमिन सभी सदस्यों की लिस्ट देख सकेंगे. साथ ही यह जानकारी भी मिल सकेगी कि कौन-सा सदस्य किस सबग्रुप का हिस्सा है.

यह भी पढ़ें -Instagram पर अब 90 मिनट के वीडियो, YouTube को टक्कर देने की तैयारी

एडमिन के लिए कैसे आसान होगा काम?

फिलहाल बड़ी WhatsApp कम्युनिटी में सदस्यों की जानकारी जुटाने के लिए एडमिन को अलग-अलग ग्रुप चेक करने पड़ सकते हैं. Organizations फीचर इस प्रक्रिया को आसान बना सकता है, क्योंकि जरूरी जानकारी एक ही जगह उपलब्ध होगी. यह फीचर मौजूदा कम्युनिटी के ऊपर एक अतिरिक्त मैनेजमेंट लेयर की तरह काम करेगा. 

कब लॉन्च होगा Organizations फीचर?

रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp Organizations अभी शुरुआती डेवलपमेंट स्टेज में है और फिलहाल बीटा टेस्टर्स भी इसका इस्तेमाल नहीं कर सकते. कंपनी ने इसके लॉन्च की तारीख की जानकारी नहीं दी है. यह फीचर iPhone यूजर्स के लिए आएगा या नहीं, इस बारे में भी अभी स्थिति साफ नहीं है. इसके अलावा WhatsApp Android यूजर्स के लिए शेड्यूल्ड मैसेज फीचर पर भी काम कर रहा है. इसकी मदद से यूजर्स पहले से मैसेज तैयार करके उसे तय समय पर भेज सकेंगे, हालांकि इस फीचर की उपलब्धता को लेकर भी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.

यह भी पढ़ें - Infinix GT 50 Pro लॉन्च, कीमत-स्पेसिफिकेशन समेत जानें किसके लिए है यह फोन?