कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता पर की गई टिप्पणी को लेकर अब समाजवादी पार्टी के सांसद और सपा चीफ अखिलेश यादव के चाचा रामगोपाल यादव ने आपत्ति जताई है. उन्होंने इस तरह की भाषा को बिल्कुल भी स्वीकार नहीं करने वाली बताया.
सपा सांसद रामगोपाल यादव ने कहा, "प्रधानमंत्री के पिताजी के लिए जो कहा है उससे हम कतई सहमत नहीं हैं. राजनीति में भाषा का संयम रखना, नेताओं को अपनी भाषा पर संयम रखना बहुत आवश्यक है, वरना स्थिति बिगड़ती ही चली जाएगी और बड़े नेता अगर ऐसा करेंगे तो छोटे नेताओं को तो पूछना क्या, पता नहीं वो किस किस तरह की भाषा का प्रयोग करने लगेंगे."
यह भी पढ़ें: UP के निर्वाचन अधिकारी को हुआ गलती का एहसास! अपने ही बयान पर मांगी माफी
MLC चुनाव में सपा की बढ़त का दावा
MLC चुनाव के परिणाम पर बोलते हुए सपा नेता राम गोपाल यादव ने कहा, "देखिए हर चुनाव के बाद काउंटिंग होती है और हर पार्टी अपनी विजय की कामना करती है और उम्मीद भी रखती है. अब वो तो जनता जनार्दन, मतदाताओं के हाथ में है. हमें उम्मीद है लोगों ने बहुत अच्छा वोट समाजवादी पार्टी को दिया है, शिक्षक और स्नातक दोनों क्षेत्रों में समाजवादी पार्टी को बढ़त मिलेगी, जीतेगी ऐसा मुझे आभास है और मुझे उम्मीद भी है."
ओवैसी को लेकर जताया शक
सपा सासंद रामगोपाल यादव ने यूपी में असुददीन ओवैसी की पार्टी के चुनाव लड़ने पर उन्होंने इसके पीछे की राजनीति जानने की बात कही. उन्होंने कहा, "जहां तक ओवैसी के उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने की बात है, वो किसके इशारे पर बोल रहे हैं? ये जिम्मेदारी प्रेस की होती है, प्रेस को जनता को सही सत्य सामने रखना चाहिए. आप नहीं जानते क्यों कह रहे हैं वो, कौन कहलवा रहा है उनसे? मुझसे मत कहलवाइए."
बता दें कि ओवैसी यूपी में लगातार मुस्लिम बाहुल्य सीटों पर रैली कर सपा पर निशाना साध रहे हैं. उन्होंने अखिलेश यादव और सपा पर मुस्लिमों को धोखा देने का आरोप लगाया है. यही नहीं उन्होंने मुजफरनगर दंगों में सपा की भूमिका पर भी सवाल उठाए.
यह भी पढ़ें: यूपी चुनाव से पहले बीजेपी का बड़ा दांव, बनाई अब तक की सबसे बड़ी टीम
