उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने अब अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. पार्टी ने अब तक की सबसे बड़ी प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा कर दी है. 712 सदस्यों वाली समिति में पीएम मोदी, सीएम योगी समेत कई बड़े चेहरों को स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है,

Continues below advertisement

प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के मुताबिक कार्यसमिति में प्रदेश के सभी क्षेत्रों को जगह देने के साथ ही जातीय संतुलन का भी ध्यान रखा गया है. इसके अलावा पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को पूरी जगह दी गयी है.

यह भी पढ़ें: सपा के लिए जरूरी है MLC चुनाव में 3 सीट, नहीं तो अखिलेश को होगा बड़ा नुकसान

Continues below advertisement

30-31 अक्टूबर को अमित शाह देंगे जीत का मंत्र 

सभी क्षेत्रों को मिलाकर पार्टी ने प्रदेश कार्यसमिति में 712 सदस्यों को शामिल किया है. अब इसको लेकर 30 और 31 अक्टूबर को लखनऊ में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी. जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल होंगे. वे कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव और आगामी लोकसभा चुनाव 2029 के लिए जोश भरेंगे.

पार्टी ने चुनावी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए विशेष आमंत्रित सदस्यों की संख्या 134 रखी है, इसमें ब्रज क्षेत्र की भागेदारी सबसे ज्यादा है. समिति में दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत 30 लोगों को शामिल किया गया है.

विनय कटियार और लक्ष्मीकांत वाजपेयी को जगह 

स्थायी आमंत्रित सदस्यों में राष्ट्रीय पदाधिकारियों स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, रेखा वर्मा, संगीत यादव, भोला सिंह, तारिक मंसूर, अमरपाल मौर्य व कंवर बासित अली को शामिल किया गया है.वहीं पूर्व प्रदेश अध्यक्षों ओमप्रकाश सिंह, विनय कटियार, डा. रमापति राम त्रिपाठी, सूर्यप्रताप शाही, डा. लक्ष्मीकांत वाजपेयी, डा. महेंद्र नाथ पांडेय, स्वतंत्र देव सिंह व भूपेंद्र सिंह चौधरी को भी जगह दी गयी है. 

इसके अलावा केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, बीएल वर्मा, कमलेश पासवान, जितिन प्रसाद, एसपी सिंह बघेल, कीर्तिवर्धन सिंह, साध्वी निरंजन ज्योति और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी के नाम भी शामिल हैं.

क्षेत्रवार सदस्यों की संख्या 

134 विशेष आमंत्रित सदस्यों की सूची में ब्रज क्षेत्र से सबसे ज्यादा 32 चेहरों को जगह दी गई है. काशी से 24, जबकि पश्चिम क्षेत्र से 23 और अवध क्षेत्र के 19 कार्यकर्ताओं को जगह दी गई है. प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों में सबसे ज्यादा गोरखपुर क्षेत्र से 128 पदाधिकारियों को रखा गया है. अवध से 114, जबकि काशी से 108 लोगों को सूची में जगह दी गई है. 

यह भी पढ़ें: '99 चुनाव हार चुके हैं, आगे भी हारेंगे', राहुल गांधी के नेतृत्व पर बृजभूषण सिंह का निशाना