Lucknow Fire News Highlights: लखनऊ अग्निकांड के पीड़ितों से मिलने KGMU पहुंचे अखिलेश यादव, 15 लोगों की हुई थी मौत
Lucknow Coaching Centre Fire News Highlights: लखनऊ के अलीगंज में इमारत में आग लगने से 15 बच्चों की जान चली गई. इस घटना की जांच के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने एसआईटी का गठन किया है.

बैकग्राउंड
लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार (22 जून) दोपहर लगी भीषण आग (Lucknow Fire News) ने पूरे शहर को झकझोर दिया. तीन मंजिला इमारत में लगी आग ने...More
समाजवादी पार्टी के प्रमुख और सांसद अखिलेश यादव लखनऊ अग्निकांड के पीड़ितों से मिलने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) पहुंचे. अखिलेश यादव यहां कल (22 जून) को आग लगने की उस घटना में घायल हुए लोगों से मिलने गए, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई थी.
लखनऊ के अलीगंज इलाके के जिस कोचिंग इंस्टीट्यूट में कल भीषण आग लगी थी, उस जगह से कुछ सामान लेकर पुलिस अधिकारी रवाना हुए है.
लखनऊ के अलीगंज की इमारत में लगी आग में 15 लोगों की मौत के मामले में दर्ज प्राथमिकी में यह आरोप लगाया गया है कि इमारत को बिना आग से बचाव के इंतजाम, आपातकालीन निकास और धुआं निकालने की व्यवस्था न होने के बावजूद उसका व्यवसायिक उपयोग किया जा रहा था.
लखनऊ में आग लगने की घटना में जान गंवाने वाले 29 साल के नीलेश के बड़े भाई ने कहा मुझे KGMU से सूचना मिली कि कोई घटना हुई है. ऐसी बात जो वे फोन पर नहीं बता सकते थे और उन्होंने हमें सीधे अस्पताल आने को कहा. जब हम वहाँ पहुँचे, तो हमें पता चला कि क्या हुआ था...वह एक 3D डिज़ाइनर थे, वह वहाँ गेम के कैरेक्टर और प्रॉप्स बनाते थे. वे दोनों ही डिजाइनर थे, जहाँ तक मौत की वजह का सवाल है, ऐसा लगता है कि आग नीचे की मंजिल पर लगी थी, जिससे बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा.
लखनऊ में आग लगने की घटना पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि उन माता-पिता के दुख की कल्पना कीजिए जिन्होंने अपने बच्चों को अपनी आँखों के सामने मौत का सामना करते देखा; उस दर्द या अपनों को खोने वालों के दुख को कोई पूरी तरह नहीं समझ सकता. दिल्ली के एक कोचिंग सेंटर में भी ऐसी ही घटना हुई थी और अब यह हुआ है. कोचिंग सेंटर चलाने वालों को सुरक्षा नियमों का पालन करना ही चाहिए... हमेशा एक तय फायर एग्जिट (आग से निकलने का रास्ता) होना चाहिए.
लखनऊ अग्निकांड को लेकर यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि जहां सरकार की कमी है वहां पर सरकार एसआईटी बना देती है. SIT का गठन मामले से भटकाने के लिए है, सरकार भष्ट्राचार में लिप्त है. कल डिप्टी सीएम घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं.
लखनऊ में आग लगने की घटना पर समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा यह बहुत दुखद घटना है और इसमें कई छात्रों की जान चली गई. हम मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं. सरकार सभी घायलों के इलाज कराए और सरकार घटना की ठीक से जांच करे कि दमकल विभाग की गाड़ियां समय पर क्यों नहीं पहुंची. जो लोग इस घटना में जिम्मेदार हैं उन्हें चिह्नित करके कार्रवाई है.
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अलीगंज की उस अवैध व्यावसायिक इमारत को गिराने का नोटिस जारी किया है, जिसमें आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई थी. एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने यह जानकारी दी. एलडीए ने इस रिहायशी इमारत को व्यावसायिक तौर पर गैर-कानूनी तरीके से चलाने के मामले में अपने ही संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
लखनऊ अग्निकांड की जांच कर घटनास्थल से निकली एसआईटी KGMU पहुंची है. एसआईटी वहां पर लखनऊ अग्निकांड के पीड़ितों से बातचीत कर रही है.
कांग्रेस से लोकसभा सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि लखनऊ अग्निकांड में 15 बच्चे जलकर मर गए, यह बहुत गंभीर मुद्दा है. जब प्रदेश की राजधानी में कोचिंग संस्थानों का ये हाल है तो उत्तर प्रदेश के दूसरे जिलों में कोचिंग संस्थानों का क्या हाल होगा. मेरी लोकसभा क्षेत्र बाराबंकी का भी बच्चा इस अग्निकांड में बलि चढ़ गया, इस पूरे मामले को संसद में उठाऊंगा और जवाब मांगूंगा.
लखनऊ के अलीगंज कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना पर समाजवादी पार्टी के सांसद राजीव राय ने कहा, "यह बहुत दुखद और पीड़ादायक है... इसमें भ्रष्टाचार का मामला है. खासकर बिजली विभाग से जुड़ा...पिछले 5 सालों में सिर्फ शॉर्ट सर्किट और बिजली विभाग से जुड़ी समस्याओं की वजह से 6,000 से ज्यादा मौतें हुई हैं...कोई जांच-पड़ताल नहीं होती, कोई निगरानी नहीं होती. इस मामले में बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं था...जब तक ऊपर बैठे जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक कुछ नहीं बदलेगा...बिजली विभाग सबसे ज्यादा भ्रष्ट है, यह सब लूट-खसोट का मामला है."
लखनऊ कोचिंग में आग लगने की घटना पर KGMU के ट्रॉमा सेंटर के CMS डॉ. प्रेम राज कहते हैं, "कल 15 लोगों की मौत एक बहुत दुखद घटना थी. हमारे पास लगभग सात-आठ बच्चे आए थे, जिनमें से पांच पूरी तरह ठीक थे, उन्हें बस मामूली खरोंचें आई थीं और प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई. अभी दो बच्चे यहां भर्ती हैं, एक लड़की है, जिसकी उम्र लगभग 28 साल है और उसके पैर में चोट है डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं और वह पूरी तरह ठीक है.
आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता संजय सिंह लखनऊ अग्निकांड के पीड़ितों से मिलने केजीएमयू पहुंचे और यहां भर्ती घायलों का हाल जाना. इस घटना पर दुख प्रकट किया और AAP नेता ने कहा कि ऐसी व्यवस्था की जाए ताकि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो.
लखनऊ अग्निकांड की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची एसआईटी की टीम तकरीबन एक घंटे की तफ्तीश के घटनास्थल से निकल गई है.
लखनऊ अग्निकांड में जान गंवाने वाले 29 साल के नीलेश की छोटी बहन ने कहा कि इसके लिए फायर डिपार्टमेंट जिम्मेदार है क्योंकि अगर पानी समय पर पहुँच जाता, तो कई बच्चों की जान बचाई जा सकती थी, जिनमें मेरा भाई भी शामिल है. फायर ब्रिगेड बहुत देर से, यानी करीब 40 मिनट से एक घंटे बाद पहुँची. इस देरी की वजह से कई लोगों की जान चली गई..
उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लखनऊ कोचिंग संस्थान में आग लगने की घटना पर कहा, "अलीगंज की दुर्घटना बहुत दर्दनाक है...हम शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं. मुख्यमंत्री ने घटना को गंभीरता से लिया है, उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है. जाँच होगी और कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा."
लखनऊ अग्निकांड की जांच के लिए एसआईटी की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है. अतिरिक्त महानिदेशक (लखनऊ जोन) प्रवीण कुमार ने कहा कि घटना के सभी पहलुओं पर गहनता से जांच करके हम अपने रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे. कोई भी बिंदु छूटेगा नहीं, हम बिल्कुल विस्तृत जांच करेंगे निर्धारित समय में हर आयाम पर जांच करेंगे. घटनास्थल का निरीक्षण करेंगे राज्य सरकार की तरफ से एसआईटी गठित की गई है, उसके तहत हम जांच करेंगे.
लखनऊ अग्निकांड की जांच के लिए एसआईटी घटनास्थल पर पहुंच गई है. दो सदस्यीय एसआईटी टीम में आईएएस अमृत अभिजात, आईपीएस प्रवीण कुमार हैं.
लखनऊ कोचिंग अग्निकांड का मामला राज्य मानवाधिकार आयोग पहुंच गया है. इस मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर राज्य मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज हुई है. इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता और मानवाधिकार शोधकर्ता डॉ. गजेंद्र सिंह यादव ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है.
लखनऊ अग्निकांड की जांच के लिए SIT घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है. एसआईटी की दो सदस्यीय टीम कुछ देर में घटनास्थल पर पहुंच रही है. सीएम योगी के सख्त निर्देश पर टीम जा रही है.
लखनऊ अग्निकांड में 15 लोगों की मौत को लेकर कॉमर्शियल एक्टिविटी को लेकर सवाल उठ रहे हैं और फायर एनओसी को लेकर भी पीड़ित परिजनों ने सवाल उठाए. इसे लेकर लखनऊ उत्तर से बीजेपी विधायक नीरज बोरा ने एबीपी न्यूज से खास बातचीत के दौरान कहा दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा उन्हें कड़ी सजा मिलेगी, योगी राज में कोई बचेगा नहीं.
लखनऊ के अलीगंज इलाके में कल एक कमर्शियल बिल्डिंग में लगी भीषण आग में 15 लोगों की मौत हो गई. SDRF के जवानों ने बिल्डिंग के अंदर जाने के लिए उसकी साइड की दीवार में दो बड़े छेद किए.
यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद हृदयविदारक घटना है. इस मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है, रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. दोषी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे. ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. राज्य सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है.
लखनऊ अग्निकांड ने हर किसी को झकझोर के रख दिया है, इस खौफनाक हादसे में 15 लोगों की जान गई है. वहीं फॉरेंसिक डिपार्टमेंट की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है, FSL लखनऊ के डायरेक्टर प्रो आदर्श कुमार टीम का नेतृत्व कर रहें हैं.
लखनऊ अग्निकांड में मरने वालों में कानपुर के दो युवक भी शामिल हैं. दोनों युवक बिल्डिंग में मौजूद एनिमेशन शॉप में 3-D आर्टिस्ट का काम करते थे. एक ही दुकान में काम करने के कारण दोनों अच्छे दोस्त थे. घटना की जानकारी के बाद दोनों युवकों के परिवार में कोहराम मच गया. उनके परिवार लखनऊ के लिए रवाना हुए.
कानपुर के रहने वाले संयम की लखनऊ अग्निकांड में मृत्यु हो गई. आज उसको कानपुर अपनी दादी की 13वीं में आना था. संयोग देखिए कि यह लड़का रविवार को ही कानपुर आ जाता था, लेकिन इस बार इसलिए नहीं आया क्योंकि उसकी दादी की 13वीं थी. आज जब दादी की तेरहवीं में जाना था तो उसकी लाश पहुंची.
अलीगंज अग्निकांड में 43 वर्षीय रामकृष्ण उपाध्याय को अरेस्ट किया गया, जो सेक्टर- D अलीगंज का रहने वाला है. दूसरा आरोपी सुरेश कुमार साहू है, जिसे केशवनगर थाना मड़ियांव से अरेस्ट किया गया है.
लखनऊ के अलीगंज में हुए अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के बाद देर रात तक 13 शवों का पोस्टमार्टम किया गया. पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए.
लखनऊ अग्निकांड में बुरी तरह जख्मी हुईं लवप्रीत ने जानकारी दी कि आग ने विकराल रूप पकड़ा, जिसके बाद भयंकर तरह से धुआं फैल गया था. दम घोटने वाले धुएं से बचने के लिए कोई कहां जाए ये समझ नहीं पा रहा था. छत की ओर भी भागने की कोशिश की लेकिन जब कहीं से रास्ता नहीं मिला तो तार पकड़कर नीचे उतरने का प्रयास किया और वह गिर गईं. अब लवप्रीत केजीएमयू ट्रामा सेंटर में भर्ती हैं. उनके पैर में चोट है और वह भगवान का शुक्रिया अदा कर रही हैं.
लखनऊ अग्निकांड में बिल्डिंग मालिक वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला, पेट शॉप मालिक रामकृष्ण उपाध्याय और एनीमेशन कोचिंग संचालक तूशॉक कृष्णा जायसवाल को गिरफ्तार किया गया है. वहीं मुख्यमंत्री के निर्देश पर चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया.
लखनऊ अग्निकांड को लेकर 2 सदस्यीय SIT का गठन किया गया है. सीएम योगी ने हाई लेवल मीटिंग के बाद ये फैसला लिया है. मुख्यमंत्री ने सात दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं. विशेष जांच दल में अमृत अभिजात, अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, धर्मार्थ और संस्कृति विभाग और प्रवीण कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन हैं.
लखनऊ अग्निकांड को लेकर CM आवास में हाई लेवल मीटिंग हुई. वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने मंगलवार के दौरे रद्द कर दिए हैं. सीएम योगी को कल हाथरस और आगरा के दौरे पर जाना था.
लखनऊ अग्निकांड पर भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि लखनऊ के अलीगंज में एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग में 13 छात्रों की दर्दनाक मृत्यु का समाचार अत्यंत दुःखद, हृदयविदारक और झकझोर देने वाला है. उन्होंने कहा कि शिक्षा और बेहतर भविष्य के सपने लेकर आए इन छात्रों का इस तरह असमय दुनिया से चले जाना पूरे समाज के लिए अपूरणीय क्षति है. इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी छात्रों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं तथा उनके शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हैं. प्रकृति उन्हें इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करे तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं.
केजीएमयू के वीसी प्रोफेसर सोनिया नित्यानंद ने बताया कि 15 लोग मृत अवस्था में आए थे. वहीं एक लड़के की रीढ़ की हड्डी फ्रैक्चर कर गई, जबकि 11 लोग अस्पताल में भर्ती थे, जिनमें से नौ को छुट्टी दे दी और दो अभी भी यहां भर्ती हैं.
लखनऊ अग्निकांड को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. जानकारी के मुताबिक जिस बिल्डिंग में आज आग लगी उस बिल्डिंग का मानचित्र पास था लेकिन निर्माण उसके विपरीत किया गया था. सेटबैक कवर करके निर्माण किया गया था. धीरेंद्र और सुरेंद्र शुक्ला के नाम पर नाम से ये मानचित्र पास हुआ था. एलडीए ने इस मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की है.
सीएम योगी ने लखनऊ अग्निकांड में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है. साथ ही घायलों को 50-50 हजार रुपये की मदद का ऐलान किया गया है.
लखनऊ अग्निकांड में सीएम योगी ने केजीएमयू में पीड़ितों के परिजनों से बात की. सीएम ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि एक भी जिम्मेदार अधिकारियों को बख्शेंगे नहीं. पीड़ित परिजनों से सीएम ने कहा कि हर एक जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करेंगे.
लखनऊ अग्निकांड पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने दुख जताया है. सपा चीफ अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा-"लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि. जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं. सरकार घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करे. ये एक बेहद दुखद घटना है, इसके पीछे के कारणों की ईमानदारी से जाँच हो, बच्चे किसी के घर के भी हो सकते थे. भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके, हम सबकी यही कोशिश होनी चाहिए."
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना दौरा रद्द कर लखनऊ पहुंच गए हैं. सीएम योगी जल्द ही घटना स्थल का जायजा लेन अलीगंज जाएंगे.
लखनऊ में आग लगने की घटना पर KGMU लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. अमिया अग्रवाल ने बताया यहां 21-22 बच्चों को लाया गया है, इनमें से पांच घायल हैं और उन्हें भर्ती कर लिया गया है. जो दो बच्चे कूदे थे, उनकी पीठ में चोटें आई हैं; उनका CT स्कैन किया गया है और उनका इलाज चल रहा है. 15 बच्चों को मृत अवस्था में लाया गया था, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए मॉर्चरी भेजा जाएगा; पांच को भेजा जा चुका है और बाकी 10 को भेजने की प्रक्रिया चल रही है.
KGMU के प्रवक्ता केके सिंह ने बताया कि यहां सात लोगों को लाया गया है, उनका इलाज शुरू हो चुका है और वे सभी खतरे से बाहर हैं. दो लोगों को फ्रैक्चर हुआ था, लेकिन उनकी हालत भी स्थिर है.
लखनऊ आग हादसे पर बसपा चीफ मायावती ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा-"यूपी की राजधानी लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आज दोपहर बाद हुई अग्निकाण्ड में अनेक लोगों की मौत तथा और भी कई लोगों के घायल हो जाने की घटना अति-दुखद. इस प्रकार की जानलेवा घटनाएं दिल को दहलाने वाली होती हैं तथा कितने ही परिवार की उम्मीदों को बिखेर देती हैं. ऐसी दुखद घटनाओं की रोकथाम के लिये सबको मिलकर सही से काम करने की जरूरत है, सिर्फ आरोप-प्रत्यारोप से काम नहीं चलेगा.
लखनऊ अग्निकांड की घटना पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने एक्स पर लिखा-"दुःखद, लखनऊ कोचिंग सेंटर में आग से बच्चों की मौत की घटना ने दिल को झकझोर दिया है! जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है अल्लाह उन परिवारों को इस बड़े दुःखद को सहने की ताकत दे. सवाल फिर वही है एयरपैक बिल्डिंग/होटल/शॉपिंग काम्प्लेक्स मे आग लगने जैसी परिस्थितियों मे बाहर कूदने या निकालने का रास्ता नहीं होता है! सभी होटल शॉपिंग काम्प्लेक्स बिल्डिंग जो एयरपैक है उनमे हर फ्लोर पर इमरजेंसी एग्जिट अनिवार्य होना चाहिए और हर बिल्डिंग के बाहर जाल लगाए जाएं, जैसे शॉपिंग काम्प्लेक्स के अंदर लगते है जिससे ऐसी परिस्थितियो में व्यक्ति कूदकर जान बचा पाए.
लखनऊ अग्निकांड में मौत का आंकड़ा बढ़ गया है. अस्पताल प्रशासन के अनुसार 15 की मौत है. वहीं इस हादसे पर सीएम लगातार फोन से रेस्क्यू अभियान की जानकारी ले रहे हैंय
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा लखनऊ अग्निकांड में टोटल 14 बच्चों की मौत हुई है और 4 बच्चे घायल हैं. रेस्क्यू ऑपरेशन ख्तम हो गया है, पीड़ित परिवार के साथ पूरी सरकार खड़ी है. उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं, कोई भी बच नहीं पाएगा कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी. मुख्यमंत्री योगी जी ने अपने सभी अलीगढ के कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं वो कुछ ही देर में मौके पर पहुंचे वाले हैं.
लखनऊ अग्निकांड पर प्रधानंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है. पीएम मोदी ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की घोषणा की है. घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे.
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि आग अचानक लगी, यह एक एनिमेशन सेंटर था. बच्चे यहां एनिमेशन यानी कार्टून बनाना,सीखने आते थे. मुझे अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है कि घटना असल में कैसे शुरू हुई. घायलों को KGMC ट्रॉमा सेंटर भेजा जा रहा है. उनकी उम्र लगभग 16-17 साल थी. घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं. प्रमुख सचिव (गृह) और DGP को मौके पर बुलाया गया है और उन्हें कारणों की जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, मैंने अपनी आंखों से 14 शव देखा है.
लखनऊ के कोचिंग इंस्टिट्यूट में लगी आग की घटना पर उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा, "अभी कुल 13 बच्चों को बाहर निकाला गया है, उन सभी को अस्पताल भेज दिया गया है. यह एक बड़ी घटना है, अंदर धुआं भरा हुआ है. हर चीज को हटाकर और चेक किया जा रहा है और हर कमरे की तलाशी ली जा रही है. अंदर लकड़ी का बहुत सारा फर्नीचर था और उस फर्नीचर से निकले धुएं के कारण कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा है. फायर ब्रिगेड के लोग अंदर हैं, NDRF की टीमें मौके पर मौजूद हैं.
डिप्टी CM ब्रजेश पाठक ने कहा कि अभी सही आंकड़ा मुझे नहीं पता लेकिन 11 से 12 डेड बॉडी मेरी आँखों के सामने से गए. इस घटना के उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए है ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न हो. अभी मुझे जानकारी मिली है कि 12 से 13 बच्चों की मौत हुई है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आग लगने की घटना में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रभावित परिवारों से संपर्क करें, हर संभव मदद दें और घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करें.
सीएम योगी ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि मेरी हार्दिक इच्छा थी कि आज मैं अलीगढ़ में रहूं, लेकिन मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है. अभी अभी मुझे जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक अग्निकांड की दुखद घटना हुई है, उसकी चपेट में कुछ बच्चे आए हैं, उनकी दुखद मौत हुई है. इसलिए मुझे तत्काल वापस जाना पड़ रहा है, जिन्होंने जान खोई उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं.
- हिंदी न्यूज़
- राज्य
- उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड
- Lucknow Fire News Highlights: लखनऊ अग्निकांड के पीड़ितों से मिलने KGMU पहुंचे अखिलेश यादव, 15 लोगों की हुई थी मौत